पंजाब के फरीदकोट जिले के कोटकापुरा से कथित ऑनर किलिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. गांव बुर्ज हरिका की रहने वाली 20 वर्षीय महकप्रीत कौर की हत्या कर शव खेत में फेंके जाने का आरोप उसके परिजनों पर लगा है. महकप्रीत ने करीब ढाई महीने पहले अपने ही गांव के युवक जगदीप सिंह से प्रेम विवाह किया था. पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. मंगलवार को कोटकापुरा के पास अमृतसर-बठिंडा नेशनल हाईवे के किनारे स्थित खेतों में एक युवती का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली. सूचना मिलते ही थाना सिटी कोटकापुरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, फरीदकोट भेज दिया.
पुलिस के अनुसार, महकप्रीत कौर ने 4 मई 2026 को अपने ही गांव के रहने वाले जगदीप सिंह से प्रेम विवाह किया था. विवाह के बाद दोनों बठिंडा जिले के गांव भगता भाई का में रह रहे थे. बताया गया कि दोनों अपने वैवाहिक जीवन की शुरुआत कर चुके थे, लेकिन युवती के परिजन इस शादी से नाराज थे. प्रारंभिक जांच के अनुसार, सोमवार शाम महकप्रीत और उसके पति जगदीप सिंह मोटरसाइकिल से कोटकापुरा आ रहे थे. इसी दौरान अमृतसर-बठिंडा नेशनल हाईवे के पास महकप्रीत के परिजनों ने दोनों को घेर लिया. पुलिस के अनुसार, जगदीप सिंह मौके से भागने में सफल रहा, जबकि महकप्रीत कौर को उसके परिजनों ने पकड़ लिया.
ढाई महीने पहले किया था प्रेम विवाह
आरोप है कि महकप्रीत पर तेजधार हथियार से हमला किया गया. हमले में उसकी मौत हो गई. इसके बाद शव को सड़क किनारे खेतों में फेंक दिया गया. मंगलवार को राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव बरामद किया. घटना की सूचना मिलने के बाद कोटकापुरा के डीएसपी संजीव कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सबूत जुटाए और जांच शुरू कर दी.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
डीएसपी संजीव कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती के परिजन उसके प्रेम विवाह से नाराज थे. पुलिस को आशंका है कि इसी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया. उन्होंने बताया कि युवती का शव सड़क किनारे खेत में मिला है और उसकी हत्या किसी तेजधार हथियार से की गई है. पुलिस ने मामले में केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है.