scorecardresearch
 

ED की जांच में आया पंजाब AAP अध्यक्ष का नाम, विपक्ष ने मांगा इस्तीफा, बोले- झुकने वाला नहीं

ईडी ने पंजाब में एक रेड के बाद प्रेस विज्ञप्ति जारी कर आरोपी गौरव धीर को पंजाब की सत्ताधारी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और मंत्री अमन अरोड़ा का करीबी बताया है. अमन अरोड़ा ने इसे झूठा प्रचार बताते हुए कहा है कि झुकने वाला नहीं हूं.

Advertisement
X
पंजाब सरकार में मंत्री अमन अरोड़ा. (File Photo: ITG)
पंजाब सरकार में मंत्री अमन अरोड़ा. (File Photo: ITG)

पंजाब में प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी की एक रेड ने सत्ताधारी आम आदमी पार्टी को मुश्किल में डाल दिया है. इस रेड के बाद ईडी की ओर से जारी की गई प्रेस विज्ञप्ति में आम आदमी पार्टी पंजाब के अध्यक्ष और सूबे की सरकार में मंत्री अमन अरोड़ा का भी नाम आया है. इसे लेकर विपक्षी दलों ने अरोड़ा के इस्तीफे की मांग करते हुए उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. वहीं, अमन अरोड़ा ने बयान जारी कर सफाई दी है.

ईडी ने धीर कंस्ट्रक्शन और सनसिटी प्रोजेक्ट्स से जुड़े गौरव धीर के मनी लॉन्ड्रिंग एंगल का भी जिक्र किया है. ईडी के मुताबिक गौरव धीर ने अल्टस प्रोजेक्ट को 130 करोड़ रुपये में खरीदा. इसकी कीमत 170 करोड़ से ज्यादा ही कम आंकी गई थी. ईडी ने गौरव धीर को अमन अरोड़ा का करीबी सहयोगी बताया है. आम आदमी पार्टी की पंजाब यूनिट के अध्यक्ष अमन अरोड़ा फिलहाल गवर्नेंस रिफॉर्म्स और रिन्यूएबल एनर्जी विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं.

ईडी की प्रेस विज्ञप्ति में अमन अरोड़ा का नाम आने के बाद विपक्षी दलों ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. शिरोमणि अकाली दल के महासचिव बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा है कि इन छापों ने पंजाब में आप की कट्टर ईमानदार छवि को पूरी तरह उजागर कर दिया है. उन्होंने गौरव धीर, सीएलयू घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग केस का उल्लेख करते हुए कहा कि इन नेटवर्क्स को संरक्षण किसने दिया और इस कथित घोटाले से किसे फायदा हुआ?

Advertisement

बिक्रम सिंह मजीठिया ने यह भी दावा किया कि सीएम भगवंत मान के करीबी लोगों के बाद अब अमन अरोड़ा की बारी आ गई है. उन्होंने आम आदमी पार्टी की सरकार में ऊपर से नीचे तक भ्रष्टाचार का आरोप भी लगाया. वहीं, भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के पंजाब अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने भी आम आदमी पार्टी पर हमला बोला. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया है. अपने पोस्ट में पंजाब बीजेपी अध्यक्ष ने लिखा है कि ईडी की कार्रवाई ने तथाकथित कट्टर ईमानदारी की सच्चाई उजागर कर दी है.

उन्होंने आगे लिखा कि सीएम मान कह रहे थे कि इस ईडी रेड से हमारा कोई संबंध नहीं है, लेकिन करोड़ों के लेनदेन में आम आदमी की पार्टी होने का दावा करने वालों के प्रदेश अध्यक्ष का नाम सामने आ गया है. जाखड़ ने लिखा है कि यह तो बस शुरुआत है, अभी कई और परतें खुलनी बाकी हैं. उन्होंने आगे लिखा- सबका साथ, सबका विकास के बाद अब लगता है कि सबका हिसाब का समय भी आ गया है. पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है.

यह भी पढ़ें: 'पंजाब में AAP ने बेअदबी के खिलाफ बनाया सख्त कानून', शुक्राना यात्रा शुरू कर बोले CM भगवंत मान

Advertisement

उन्होंने कहा है कि ईडी ने अपनी आधिकारिक प्रेस रिलीज में अमन अरोड़ा का नाम लिया है. इसके बावजूद मुख्यमंत्री भगवंत मान कह रहे हैं कि ईडी की रेड का आम आदमी पार्टी से कोई लेना-देना नहीं है. बाजवा ने सवालिया लहजे में कहा कि ईडी या भगवंत मान, पंजाब के लोगों को गुमराह कौन कर रहा है? उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी भ्रष्टाचार के आरोप लगते हैं, आम आदमी पार्टी के नेता सार्वजनिक रूप से इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताते हैं और अंदरखाने मामले को मैनेज करने की कोशिश करते हैं.

यह भी पढ़ें: पंजाब: मनी लॉन्ड्रिंग केस में 12 ठिकानों पर ED रेड, GMADA लाइसेंस घोटाले की जांच तेज

प्रताप सिंह बाजवा ने इसे लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की अगुवाई वाली केंद्र सरकार को भी घेरा. उन्होंने सवालिया अंदाज में कहा कि क्या केंद्र सरकार इस जांच को उसके तार्किक निष्कर्ष तक ले जाएगी या फिर चर्चित पॉलिटिकल वॉशिंग मशीन एक बार फिर सही समय पर सारे दाग साफ कर देगी? फिलहाल, ईडी की प्रेस विज्ञप्ति में गौरव धीर को अमन अरोड़ा का करीबी बताया गया है. अमन अरोड़ा का नाम किसी एफआईआर में नहीं आया है.

अमन अरोड़ा की सफाई

ईडी की प्रेस विज्ञप्ति में नाम आने के बाद विपक्ष के निशाने पर आए अमन अरोड़ा की सफाई आई है. अमन अरोड़ा ने कहा है कि इसकी जानकारी मीडिया रिपोर्ट्स से मिली है. उन्होंने कहा है कि मेरा पूरा जीवन पारदर्शी रहा है, है और रहेगा. अमन अरोड़ा ने इसे गलत बताते हुए कहा कि ऐसे झूठे प्रचार से मैं झुकने वाला नहीं हूं. इससे पहले, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अमृतसर में कहा था कि ईडी की छापेमारी का हमसे कोई संबंध नहीं है. ईडी एक पुराने मामले में यहां आई है. वे कहीं भी जांच कर सकते हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement