scorecardresearch
 

अकाल तख्त में पेशी से ठीक पहले AAP ने चला 'सॉफ्ट हिंदुत्व' दांव, मंदिर निर्माण और तीर्थ यात्रा योजना विस्तार का ऐलान

अमृतसर में माता जानकी और लव-कुश का भव्य मंदिर बनाया जाएगा. यह ऐलान अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को किया, जब AAP राजनीतिक रूप से मुश्किल दौर से गुजर रही है. केजरीवाल ने कहा कि वालमीकि जी ने अमृतसर में रामायण लिखी थी और सीता, लव-कुश भी यहीं रहे थे. मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंदिर निर्माण में पूरा साथ देने की बात कही.

Advertisement
X
चुनाव से पहले माता जानकी मंदिर और काली माता मंदिर विकास की घोषणा की गई है (Photo: PTI)
चुनाव से पहले माता जानकी मंदिर और काली माता मंदिर विकास की घोषणा की गई है (Photo: PTI)

पंजाब में अमृतसर के वालमीकि मंदिर के पास माता जानकी यानी सीता और लव-कुश का एक बड़ा मंदिर बनाया जाएगा. यह ऐलान आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को अमृतसर में किया. 

यह वही समय है जब AAP पार्टी राजनीतिक तौर पर मुश्किल दौर से गुजर रही है. पार्टी के नेताओं को 29 जून को अकाल तख्त के सामने पेश होना है और मुख्यमंत्री भगवंत मान एक वायरल वीडियो को लेकर विपक्ष के निशाने पर हैं.

यह ऐलान शनिवार को अमृतसर में हुए 'एक शाम भगवान शिवजी के नाम' कार्यक्रम के दौरान किया गया. केजरीवाल ने कहा कि वह एक दिन पहले ही अयोध्या से राम लला के दर्शन करके लौटे हैं और आज यह ऐलान करते हुए उन्हें बहुत खुशी हो रही है. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ अमृतसर के लोगों के लिए नहीं बल्कि दुनिया भर में राम और सीता के भक्तों के लिए अच्छी खबर है.

केजरीवाल ने बताया कि अमृतसर में दुर्गियाना मंदिर भी है, जलियांवाला बाग है जो देशभक्ति की निशानी है और वाघा बॉर्डर भी है. उन्होंने कहा कि भगवान वालमीकि ने अमृतसर में रहते हुए रामायण लिखी थी और माता सीता भी यहीं रहीं थीं. 

Advertisement

लव और कुश का जन्म और शिक्षा भी अमृतसर में ही हुई थी. जब भगवान राम ने अश्वमेध यज्ञ के लिए घोड़ा छोड़ा था, तो लव-कुश ने यहीं उस घोड़े को रोककर एक पेड़ से बांध दिया था.

यह भी पढ़ें: AI से Mask तक, पंजाब के CM भगवंत मान के बदलते दावों ने वीडियो विवाद को और उलझाया

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार इस मंदिर को बनाने में कोई कमी नहीं छोड़ेगी और यह दुनिया भर से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आकर्षित करेगा. 

इसके साथ ही सरकार ने मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत तीन नए रूट जोड़ने का भी ऐलान किया है, जिनमें सालासर-खाटू श्याम जी, हरिद्वार-ऋषिकेश और मथुरा-वृंदावन शामिल हैं. यह यात्रा एक अगस्त से शुरू होगी और करीब डेढ़ लाख श्रद्धालु इसका फायदा उठा सकेंगे.

पटियाला के काली माता मंदिर का भी 80 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्निर्माण किया जा रहा है, जो सितंबर तक पूरा हो जाएगा. केजरीवाल का कहना है कि यह उत्तर भारत का सबसे बड़ा मंदिर बन सकता है. इसके अलावा 1 अगस्त से पूरे पंजाब में 'हमारे राम' नाटक का मुफ्त मंचन भी किया जाएगा.

दूसरी तरफ शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) ने अमृतसर में AAP के खिलाफ प्रस्ताव पास किया है. इसमें मुख्यमंत्री भगवंत मान और उन पुलिस अधिकारियों के खिलाफ FIR की मांग की गई है, जिन पर गुरुग्राम में फर्जी फोरेंसिक रिपोर्ट बनाने का आरोप है. इसके लिए एक डेलिगेशन पंजाब के DGP से भी मिलेगा. पंजाब विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही पार्टियों के बीच राजनीतिक बयानबाजी भी बढ़ता जा रहा है.

Advertisement

अकाल तख्त पर पेश होंगे AAP विधायक, लिखित जवाब देंगे - भगवंत मान

अकाल तख्त की ओर से बुलाए जाने के मुद्दे पर भगवंत मान ने प्रतिक्रिया दी है. मुख्यमंत्री मान ने कहा कि उनकी पार्टी के सभी विधायक कल अकाल तख्त जाएंगे और अपना पक्ष लिखित रूप में वहां रखेंगे.

उन्होंने कहा कि अकाल तख्त उनके लिए सर्वोच्च है. इसी वजह से वह जनवरी में भी राष्ट्रपति के एक कार्यक्रम को छोड़कर अकाल तख्त गए थे.

भगवंत मान ने यह भी कहा कि उन्हें व्यक्तिगत तौर पर अकाल तख्त ने नहीं बुलाया है. हालांकि, जिस 'मास्क वाली वीडियो' को लेकर विवाद है, उससे जुड़ा लिखित जवाब विधायकों के माध्यम से अकाल तख्त को सौंपा जाएगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement