scorecardresearch
 

वियतनाम नाव हादसे में 15 भारतीयों की मौत, PM मोदी समेत कई नेताओं ने जताया शोक

वियतनाम के फू क्वोक द्वीप के पास नाव हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत के बाद PM मोदी समेत कई नेताओं ने दुख जताया है. भारतीय दूतावास प्रभावित परिवारों की मदद के लिए वियतनाम के अधिकारियों के संपर्क में है.

Advertisement
X
वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास पर्यटकों से भरी नाव पलटने से बड़ा हादसा. (Photo: social media)
वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास पर्यटकों से भरी नाव पलटने से बड़ा हादसा. (Photo: social media)

वियतनाम के फू क्वोक द्वीप के पास हुए नाव हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत के बाद देशभर में दुख का माहौल है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने हादसे पर शोक जताया है. PM मोदी ने कहा कि भारतीय दूतावास और वाणिज्य दूतावास प्रभावित लोगों और परिवारों की हर संभव मदद में जुटे हैं. वहीं राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने भी पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई है.

जानकारी के मुताबिक, वियतनाम के फू क्वोक द्वीप के पास शनिवार को भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही स्पीड बोट समुद्र में पलट गई थी. हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत की खबर सामने आई है. बताया जा रहा है कि नाव में 32 भारतीय पर्यटक और चार क्रू मेंबर सवार थे. हादसा फू क्वोक के पास होन मे रुत नगोई द्वीप के करीब हुआ.

PM मोदी ने जताया दुख

हादसे पर पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दुख जताया. उन्होंने कहा कि वियतनाम के फू क्वोक के पास भारतीय नागरिकों से जुड़ी नाव दुर्घटना की खबर सुनकर उन्हें बेहद दुख हुआ है. उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की.

PM मोदी ने कहा कि भारतीय दूतावास और वाणिज्य दूतावास प्रभावित लोगों की मदद के लिए हर संभव कदम उठा रहे हैं. भारतीय अधिकारी वियतनाम के अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं, ताकि जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाई जा सके.

Advertisement

राहुल गांधी ने भी की अपील 

राहुल गांधी ने भी हादसे पर दुख जताया. उन्होंने कहा कि फू क्वोक द्वीप के पास भारतीय पर्यटकों को ले जा रही नाव पलटने की घटना बेहद दुखद है. उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और कहा कि उनकी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं, जो अभी भी लापता हैं. राहुल गांधी ने सरकार और विदेश मंत्रालय से वियतनाम के अधिकारियों के साथ मिलकर बचाव अभियान में हर संभव प्रयास करने की अपील की.

उपराष्ट्रपति ने जताई संवेदना

उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने भी वियतनाम नाव हादसे पर दुख व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि भारतीय नागरिकों से जुड़ी इस दुर्घटना में कई लोगों की जान जाना बेहद दुखद है. उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की. उपराष्ट्रपति ने हादसे से प्रभावित सभी लोगों को हिम्मत देने की कामना की.

आंध्र प्रदेश में भी सक्रिय हुई सरकार

हादसे में आंध्र प्रदेश के लोगों के शामिल होने की खबर के बाद राज्य सरकार ने जानकारी जुटाना शुरू कर दिया. अधिकारियों के मुताबिक, राज्य से गए कुछ पर्यटक इस नाव में सवार थे. अधिकारियों ने भारतीय दूतावास और केंद्र सरकार के साथ संपर्क बनाकर प्रभावित लोगों की मदद के निर्देश दिए हैं.

Advertisement

आंध्र प्रदेश से मिली जानकारी के मुताबिक, वियतनाम टूर पर गए राज्य के 33 लोगों में से 19 लोग हादसे वाली नाव में सवार थे. इनमें से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि बाकी यात्रियों को बचा लिया गया. एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज चल रहा है. अधिकारियों को प्रभावित परिवारों की मदद और सुरक्षित लोगों की वापसी के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा गया है.

तेलंगाना सरकार ने भी अधिकारियों को दिए निर्देश

तेलंगाना सरकार ने भी हादसे पर दुख जताया है. सरकार ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे विदेश मंत्रालय और वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास से संपर्क कर पूरी जानकारी जुटाएं. साथ ही प्रभावित लोगों तक जरूरी मदद पहुंचाने के लिए कदम उठाए जाएं. इसके अलावा, बीजेपी की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष रामचंद्र राव ने हादसे पर गहरा दुख जताया. उन्होंने कहा कि यह बेहद दर्दनाक घटना है. 

तमिलनाडु सरकार ने भी जताई संवेदना

तमिलनाडु सरकार ने भी हादसे पर दुख जताया है. सीएम विजय ने हादसे से जुड़े पर्यटकों के प्रभावित होने की जानकारी के बाद राज्य सरकार ने अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए हैं. अधिकारियों को प्रभावित लोगों की जानकारी जुटाने, दूतावास से संपर्क बनाए रखने और घायलों को इलाज से जुड़ी सहायता उपलब्ध कराने को कहा गया है.

Advertisement

मदद के लिए बने कंट्रोल रूम, जारी हुए ये नंबर्स

प्रभावित परिवारों की मदद, जानकारी देने के लिए हो ची मिन्ह सिटी में मौजूद भारतीय महावाणिज्य दूतावास (Consulate General) में एक कंट्रोल रूम तैयार कर दिया गया है. लोग इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:

+84 36 281 7930

+84 91 552 37 14

+84 33 452 0414

इसके अलावा हनोई में भी एक कंट्रोल रूम बनाया गया है, जिसका हेल्पलाइन नंबर +84 91 308 9165 है. दूतावास ने साफ कहा है कि वे किसी भी तरह की पूछताछ या मदद के लिए हर समय तैयार हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement