तमिलनाडु की मंत्री कीर्तना तिरुपति मंदिर में सोने के गहने पहनने को लेकर सोशल मीडिया पर घिर गईं. उनकी मंदिर दर्शन की तस्वीरें सामने आने के बाद कुछ लोगों ने उनके गहनों पर सवाल उठाए. सोशल मीडिया यूजर्स ने उनके चुनावी हलफनामे का हवाला दिया. उनका दावा था कि हलफनामे में कीर्तना ने सिर्फ 3 सॉवरेन सोना होने की जानकारी दी थी. जबकि मंदिर यात्रा के दौरान उन्होंने करीब 10 सॉवरेन सोने के गहने पहने हुए थे.
मंत्री कीर्तना ने ट्रोल्स को दिया जवाब
आलोचना के बाद कीर्तना ने सोशल मीडिया पर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि उनके हर शब्द और हर कदम की जांच की जा रही है. लेकिन इससे उनका आत्मविश्वास कम नहीं होगा. कीर्तना ने लिखा कि मैं सिर्फ एक लड़की हूं. शायद इसी वजह से उन्हें लगता है कि वे मेरे हर शब्द का विश्लेषण कर सकते हैं, मेरे हर कदम पर सवाल उठा सकते हैं और मेरी काबिलियत को जांच के दायरे में रख सकते हैं.
उन्होंने आगे कहा कि उनके भाषणों के साथ अब उनके सोने के गहनों की भी जांच की जा रही है. लेकिन इससे वह पीछे हटने वाली नहीं हैं. उन्होंने कहा कि लोग उनके शब्दों, उनकी काबिलियत और उनके हर कदम पर सवाल उठा सकते हैं. लेकिन वे उस महिला का हौसला कम नहीं कर सकते, जिसे पता है कि उसने अपनी शुरुआत क्यों की थी.
सीएम विजय और जनता के समर्थन का किया जिक्र
कीर्तना ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और अपनी पार्टी के नेता विजय का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि उन्हें विजय अन्ना और उन लोगों का समर्थन हासिल है, जो उन पर भरोसा करते हैं. उन्होंने लिखा कि उन्हें हर आलोचक के सामने अपनी काबिलियत साबित करने की जरूरत नहीं है. समय खुद इसका जवाब देगा.
'सोने को जांच से डर नहीं लगता'
अपने पोस्ट के आखिर में कीर्तना ने कहा कि उन्हें कुछ भी छिपाने की जरूरत नहीं है. उन्होंने लिखा कि सोने को जांच से डर नहीं लगता. उसके पास छिपाने के लिए कुछ नहीं होता. और न ही मेरे पास. मंत्री के इस बयान के बाद मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में है.