भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को कहा कि भारत का वास्तविक Gen Z वह है जो अपने करियर का निर्माण करने के साथ-साथ देश के विकास में योगदान देता है, न कि वह जो संविधान, संस्कृति और देश की एकता पर सवाल उठाता है. तेलंगाना के तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे नितिन नवीन ने शहर के बाहरी इलाके स्थित एक इंजीनियरिंग कॉलेज में छात्रों से संवाद के दौरान यह बात कही.
'टुकड़े-टुकड़े गैंग' Gen Z नहीं हो सकते
नितिन नवीन ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि 'टुकड़े-टुकड़े गैंग' जैसी सोच रखने वाले, देश को बांटने वाले नारे लगाने वाले और भारत के संविधान, संस्कृति तथा देश की आत्मा पर सवाल उठाने वाले लोग भारत के Gen Z नहीं हो सकते. उन्होंने कहा, 'टुकड़े-टुकड़े गैंग वाले Gen Z नहीं हो सकते'. नितिन ने ऐसे लोगों की पहचान करने और युवाओं को गुमराह करने की कोशिशों का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देने की अपील की.
उन्होंने कहा कि आजकल दुनिया भर में Gen Z को लेकर काफी चर्चा होती है. कई देशों में युवाओं के आंदोलनों को Gen Z आंदोलन कहा जाता है, लेकिन भारत के युवाओं की सोच और कार्यशैली अलग है. उन्होंने कहा कि भारतीय युवा व्यवस्था विरोधी नहीं हैं, बल्कि देश के निर्माण और विकास में अपनी भूमिका निभाने में विश्वास रखते हैं.
कौन हैं असली Gen Z?
छात्रों को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जो युवा स्टार्टअप शुरू कर रहे हैं, नई तकनीक विकसित कर रहे हैं, खेलों में देश का नाम रोशन कर रहे हैं और अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में योगदान दे रहे हैं, वही भारत के असली Gen Z हैं. उन्होंने कहा कि भारतीय युवा नवाचार, तकनीक और ज्ञान के दम पर देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रहे हैं.
जम्मू-कश्मीर का दिया उदाहरण
उन्होंने जम्मू-कश्मीर का उदाहरण देते हुए कहा कि एक समय वहां के युवाओं की पहचान पत्थरबाजी से जुड़ गई थी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में परिस्थितियां बदली हैं. अब कश्मीर के युवा खेलों में आगे बढ़ रहे हैं और रणजी ट्रॉफी जैसी उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं.
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि लोकतंत्र में सरकार का विरोध करना हर नागरिक का अधिकार है, लेकिन यह विरोध संवैधानिक और लोकतांत्रिक तरीकों से होना चाहिए. उन्होंने कहा कि देश के युवा भारत को नई दिशा देने की क्षमता रखते हैं, लेकिन उन्हें किसी विदेशी ताकत या भड़काऊ विचारधारा के प्रभाव में नहीं आना चाहिए. उन्होंने विश्वास जताया कि भारतीय युवा अपनी प्रतिभा, नवाचार और सकारात्मक सोच के बल पर विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.