त्रिपुरा के DGP अनुराग धनखड़ पुलिस मुख्यालय में मृत पाए गए हैं. रिपोर्ट के अनुसार इस मामले में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है. त्रिपुरा के डायरेक्टर जनरल ऑफ़ पुलिस (DGP) और IPS अधिकारी अनुराग धनखड़ सोमवार 20 जुलाई को अगरतला में पुलिस हेडक्वार्टर (PHQ) स्थित अपने ऑफ़िस में मृत पाए गए. आशंका जताई जा रही है कि ये आत्महत्या का मामला हो सकता है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक धनखड़ PHQ में अपने ऑफ़िस के कमरे में फंदे से लटके हुए पाए गए. उन्हें तुरंत अगरतला के गोविंद बल्लभ पंत (GBP) अस्पताल ले जाया गया, जहां आगे की प्रक्रिया चल रही है.
जीबी पंत अस्पताल के सीनियर डॉक्टर प्रदीप भौमिक ने कहा कि जब उन्हें दोपहर करीब 12:00 बजे यहां लाया गया तो हमारे डॉक्टर ने उनकी जांच की. हमें उनकी नब्ज़, ब्लड प्रेशर कोई अन्य पैरामीटर के संकेत नहीं मिले. तुरंत ही इमरजेंसी यूनिट में कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (CPR) शुरू किया गया. हमारे विशेषज्ञों की एक टीम ने लगभग 48 मिनट तक CPR दिया. हमारी तमाम कोशिशों के बावजूद हम उन्हें बचा नहीं पाए और दोपहर 12:48 बजे हमने आधिकारिक तौर पर उन्हें मृत घोषित कर दिया.
मौत की वजह पूछने पर मेडिकल ऑफिसर ने कहा कि चूंकि उन्हें जब यहां लाया गया तो उनके शरीर में लाइफ के कोई संकेत नहीं थे. इसलिए हमारे लिए कुछ भी पता करना संभव नहीं था. यह 'अस्पताल में मृत' लाए गए का मामला है. हमने उनके शरीर को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
उनके शरीर पर बाहरी जख्म दिखने के बारे में उन्होंने कहा कि सिर्फ़ पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ही इसकी पुष्टि कर सकती है. हम इस एरिया के एक्सपर्ट नहीं हैं. यह पूछे जाने पर कि क्या उनके गर्दन पर कोई निशान दिख रहे थे?
मेडिकल ऑफ़िसर ने कहा कि हमारे पास इतनी बारीकी से जांच करने का मौका या समय नहीं था क्योंकि जब वह आए तो स्थिति बहुत गंभीर थी. अब पोस्टमार्टम से सारी जानकारी सामने आ पाएगी.
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और घटनास्थल को सील कर लिया गया है. पुलिस ने डीजीपी की मौत के कारणों की प्राथमिक जांच शुरू कर दी है. मौत की सही वजह का पता पोस्टमार्टम के बाद चलेगा. पुलिस ने इस घटना पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है.
त्रिपुरा सरकार ने भी इस मामले पर कोई बयान नहीं दिया है.
रिपोर्ट-तन्मय चक्रवर्ती