scorecardresearch
 

DMK नेता टीआर बालू ने मानहानि मुकदमा लिया वापस, अन्नामलाई ने कहा- सच की जीत हुई

तमिलनाडु बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष के अन्नामलाई ने कहा है कि डीएमके सांसद टीआर बालू ने उनके खिलाफ दायर 100 करोड़ रुपये का मानहानि केस वापस ले लिया है. यह केस अन्नामलाई के "डीएमके फाइल्स" अभियान के बाद दायर हुआ था, जिसमें उन्होंने बालू और उनके परिवार की संपत्तियों का ब्योरा सार्वजनिक किया था.

Advertisement
X
अन्नामलाई ने अपने पुराने आरोपों को दोहराया है (Photo: ITG)
अन्नामलाई ने अपने पुराने आरोपों को दोहराया है (Photo: ITG)

तमिलनाडु से के. अन्नामलाई और टीआर बालू के बीच मानहानि केस को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. तमिलनाडु बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष के अन्नामलाई ने दावा किया है कि डीएमके सांसद टीआर बालू ने उनके खिलाफ दायर 100 करोड़ रुपये का मानहानि का मुकदमा वापस ले लिया है. 

अन्नामलाई ने कहा कि वह अपने सभी आरोपों पर आज भी कायम हैं. अन्नामलाई ने एक्स पर पोस्ट करते हुए बताया कि उन्होंने अपने 'डीएमके फाइल्स' अभियान के तहत बालू और उनके परिवार की कथित संपत्तियों और कंपनियों की जानकारी सार्वजनिक की थी. इसी के बाद बालू ने उनके खिलाफ मानहानि का केस दायर किया था और 100 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की थी.

अन्नामलाई ने बताया कि मुकदमे के एक चरण के बाद उन्होंने खुद अपना केस लड़ा और बालू से खुद जिरह की. उन्होंने कहा कि इस पूरी सुनवाई की जानकारी पहले से ही सार्वजनिक थी. 

अन्नामलाई ने आरोप लगाया कि जिरह के दौरान बालू ने अदालत में बिना किसी आधार के उनके खिलाफ मानहानि वाली बातें कहीं. इसके बाद उन्होंने बालू के खिलाफ अलग से केस दर्ज कराया.

Advertisement

यह भी पढ़ें: तमिलनाडु गैस रिसाव हादसे में 9 महिलाओं की मौत, 69 अब भी अस्पताल में भर्ती

अन्नामलाई ने लिखा कि बालू ने अपनी मर्जी से यह मानहानि का केस वापस लेने का फैसला किया है. उन्होंने कहा कि केस दायर करना बालू का फैसला था और उसे आगे बढ़ाना या वापस लेना भी पूरी तरह उन्हीं का फैसला था, इसमें उनकी कोई भूमिका नहीं थी.

अन्नामलाई ने दोहराया कि पिछली डीएमके सरकार और पार्टी के कुछ नेताओं के खिलाफ उन्होंने जो भी बातें कही थीं, वह आज भी उन पर कायम हैं. उन्होंने अपने वकीलों पॉल कनगराज, कुमारगुरु और बीजेपी की कानूनी टीम का भी शुक्रिया अदा किया. पोस्ट के अंत में उन्होंने लिखा कि सच्चाई की हमेशा जीत होती है.

यह घटनाक्रम ऐसे समय आया है जब अन्नामलाई ने कुछ दिन पहले ऐलान किया था कि उनका नया संगठन 'वी द लीडर्स' जुलाई में राजनीतिक पार्टी का रूप ले लेगा. उन्होंने कहा है कि इस संगठन का लक्ष्य 50 लाख सदस्य जोड़ना है और तमिलनाडु में गवर्नेंस, भ्रष्टाचार और नशे जैसे मुद्दों पर एक जनकेंद्रित राजनीतिक विकल्प बनना है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement