तमिलनाडु सरकार ने TASMAC शराब दुकानों में काम करने वाले कर्मचारियों के वेतन में 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने का बड़ा ऐलान किया है. सरकार का कहना है कि इस कदम का मकसद भ्रष्टाचार पर लगाम लगाना और ग्राहकों से शराब की बोतलों पर वसूले जाने वाले अतिरिक्त पैसों को रोकना है.
टीवीके सरकार के मुताबिक, वेतन संशोधन से तस्माक आउटलेट्स पर ग्राहकों से हर बोतल पर 10 रुपये अतिरिक्त वसूलने की प्रथा पर रोक लगने की उम्मीद है. इस तरह की शिकायतें अक्सर सामने आती रहती थीं.
मंत्री विग्नेश ने वेतन बढ़ोतरी का ऐलान करते हुए कहा कि इस फैसले के बाद अब ध्यान रखा जाएगा कि ग्राहकों से तय कीमत से ज्यादा पैसा नहीं वसूला जाए.
20 सालों में पहली बार इतनी बढ़ी TASMAC कर्मचारियों की सैलरी
दरअसल सरकार का मानना है कि बेहतर वेतन मिलने से भ्रष्टाचार कम होगा और दुकानों में पारदर्शिता बढ़ेगी. मंत्री विग्नेश ने ये भी बताया कि पिछले 20 सालों में तस्माक कर्मचारियों का ऐसा इंक्रिमेंट नहीं किया गया था.
हाल ही में सीएम विजय ने बंद की थीं 717 तस्माक दुकानें
बता दें कि मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने सीएम बनने के बाद ही धार्मिक स्थलों, शैक्षणिक संस्थानों और बस स्टैंडों के 500 मीटर के दायरे में चल रही 717 तस्माक दुकानों को बंद करने का आदेश दिया था. वहीं अब सीएम विजय ने तस्माक कर्मचारियों की सैलरी में इजाफा कर दिया है.
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, तमिलनाडु में कुल 4,765 तस्माक आउटलेट हैं, जिनमें से 717 दुकानों को बंद करने के लिए निशानदेही की गई थी. इनमें धार्मिक स्थलों के पास की 276, शैक्षणिक संस्थानों के पास की 186 और बस स्टैंडों के पास की 255 दुकानें शामिल थीं.
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु के TASMAC ग्रुप पर ED की रेड, जांच में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का खुलासा!
टीवीके सरकार इससे पहले भी घरेलू उपभोक्ताओं के लिए मुफ्त बिजली, एक महिला सुरक्षा बल और हर जिले में नशा विरोधी इकाइयों के गठन जैसे बड़े कदम उठा चुकी है.