scorecardresearch
 

बंगाल में शुभेंदु अधिकारी के करीबी की हत्या, गाड़ी रुकवाकर बरसाईं ताबड़तोड़ गोलियां

बंगाल में बुधवार शाम शुभेंदु अधिकारी के करीबी पर ताबड़तोड़ फायरिंग का मामला सामने आया है. हमलावरों ने चंद्रनाथ रथ की कार को निशाना बनाते हुए फायरिंग की, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. इस वारदात को राजनीतिक हिंसा से भी जोड़कर देखा जा रहा है.

Advertisement
X
मृतक पिछले 10 से 12 वर्षों से शुभेंदु अधिकारी के साथ जुड़े हुए थे. (File Photo-ITG)
मृतक पिछले 10 से 12 वर्षों से शुभेंदु अधिकारी के साथ जुड़े हुए थे. (File Photo-ITG)

पश्चिम बंगाल में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. बुधवार देर शाम भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई. जानकारी के मुताबिक यह घटना उत्तर 24 परगना जिले के मध्यग्राम इलाके में हुई, जहां चंद्रनाथ को निशाना बनाते हुए चार राउंड फायरिंग की गई. इस फायरिंग में चंद्रनाथ और उनके ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें गंभीर घायल अवस्था में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चंद्रनाथ की इलाज के दौरान मौत हो गई.

बताया जा रहा है कि चंद्रनाथ की गाड़ी को बीच सड़क रुकवाकर इस वारदात को अंजाम दिया गया है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, दो वाहन चंद्रनाथ रथ की कार का पीछा कर रही थीं. इनमें एक कार और एक बाइक शामिल थीं. कार ने चंद्र की गाड़ी को ओवरटेक किया, जिसके बाद बाइक पर सवार हमलावरों ने उन पर गोली चला दी.

हालांकि, अभी और विस्तृत जानकारी का इंतज़ार है और पुलिस जशोर रोड पर लगे CCTV फुटेज को खंगाल रही हैं, जहां यह घटना हुई थी. अब तक, प्रत्यक्षदर्शियों से शुरुआती जानकारी जुटाई गई है. गवाहों ने पुलिस को बताया कि मोटरसाइकिल पर रजिस्ट्रेशन प्लेट नहीं थी. चंद्रनाथ को कई जगह गोलियां लगी हैं. 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है. इलाके में नाकेबंदी कर दी गई है और हमलावरों की तलाश जारी है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके. सूचना मिलने पर शुभेंदु अधिकारी खुद भी अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली. न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक शुभेंदु अधिकारी ने भी खुद चंद्रनाथ की मौत की पुष्टि की है.

Advertisement

यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब पश्चिम बंगाल में भाजपा की बड़ी चुनावी जीत के बाद लगातार हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं. हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 294 में से 207 सीटें जीतकर ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस को 15 साल बाद सत्ता से हटा दिया. शुभेंदु अधिकारी ने ही ममता बनर्जी को उनके गढ़ भवानीपुर में चुनाव हराया है. बीजेपी ने इस घटना को लेकर टीएमसी पर गंभीर आरोप लगाए हैं. बीजेपी नेताओं का कहना है कि इस घटना के पीछे तृणमूल कांग्रेस का हाथ है.

यह भी पढ़ें: शुभेंदु अधिकारी के PA की हत्या पर उबाल, बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जाम किया हाईवे, TMC की मांग- CBI जांच हो

साउथ 24 परगना में भी कई जगह हुई हिंसा

बता दें कि साउथ 24 परगना में भी बुधवार सुबह कई इलाकों में हिंसा देखने को मिली. यहां कैनिंग इलाके के नारायणपुर में जमकर बवाल हुआ. यह पूरा मामला नारायणपुर ग्राम पंचायत के माखलतला इलाके का है. बुधवार सुबह अचानक हालात बिगड़ गए और इलाके में तनाव फैल गया. घटना के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए केंद्रीय बलों के साथ मिलकर इलाके में सर्च ऑपरेशन और छापेमारी शुरू की और कई लोगों को हिरासत में लिया गया. इस घटना से एक दिन पहले ही नारायणपुर ग्राम पंचायत के प्रधान सलाउद्दीन सरदार के कार्यालय से बड़ी संख्या में धारदार हथियार बरामद किए गए थे. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement