scorecardresearch
 

फूलगोभी बाजार से खरीदने की नहीं पड़ेगी जरूरत! घर पर आसानी से उगाएं, मिलेगी एकदम ताजी और फ्रेश सब्जी

How To Grow Cauliflower: सर्दियों में घर पर ताजी फूलगोभी और पत्तागोभी उगाना चाहते हैं? अब इसके लिए आपको बड़े बगीचे की जरूरत नहीं है. आप बालकनी में गमले में भी गोभी उगा सकते हैं. आज हम आपको बालकनी में गोभी उगाने का तरीका बताने वाले हैं, जिसके लिए किसी महंगी चीज की जरूरत नहीं होती है.

Advertisement
X
घर पर फूल गोभी उगाने के लिए 12 से 14 इंच का गमला चाहिए होता है. (Photo: ITG)
घर पर फूल गोभी उगाने के लिए 12 से 14 इंच का गमला चाहिए होता है. (Photo: ITG)

सर्दियों का मौसम आते ही बाजार में फूलगोभी और पत्तागोभी भरपूर मात्रा में दिखने लगती है. ये दोनों ही तरह की गोभियां ठंड की मुख्य सब्जियों में शामिल है. कभी गोभी के पराठे बनते हैं, तो कभी सब्जी और पकौड़े, इस मौसम में इससे बनी डिश खाने का मजा ही अलग है. लेकिन क्या हो अगर आपको गोभी खरीदने के लिए बार-बार बाजार न जाना पड़े और घर की बालकनी से ही ताजी गोभी तोड़ने को मिल जाए? जी हां, आप घर पर ही गोभी उगा सकते हैं. इसके लिए आपको बड़े बगीचे या बहुत सारी जगह की जरूरत नहीं है. घर की छोटी-सी बालकनी में भी गमले की मदद से गोभी उगाई जा सकती है.

सबसे अच्छी बात ये है कि इसे उगाने के लिए न तो महंगे सामान की जरूरत है और न ही रोज घंटों मेहनत करने की. सही गमला, अच्छी मिट्टी, सही धूप और थोड़ी देखभाल से आप घर पर ही गोभी का पौधा तैयार कर सकते हैं. आइए जानते हैं गोभी उगाने का आसान तरीका, ताकि इस सर्दी आपको घर पर ही ताजी सब्जी मिल सके.

सबसे पहले सही गमला और मिट्टी चुनें: गोभी का पौधा लगाने के लिए सबसे पहले 12 से 14 इंच का गहरा और चौड़ा गमला लें. ध्यान रखें कि गमले के नीचे छेद जरूर हो, ताकि जरूरत से ज्यादा पानी जमा न हो. अगर गमले के नीचे छेद नहीं होगा तो पानी जमा हो जाएगा और पौधे की जड़ें खराब होने का खतरा रहता है.

अब गमले में मिट्टी तैयार करें. फूलगोभी उगाने के लिए लिए बगीचे की मिट्टी में गोबर की खाद और थोड़ी रेत मिलाना अच्छा रहता है. इससे मिट्टी में पोषक तत्व मिलेंगे और पानी भी सही ढंग से बाहर निकलेगा. गोभी की अच्छी ग्रोथ के लिए मिट्टी का भुरभुरा होना जरूरी है.

गोभी के बीज लगाने का सही तरीका: मिट्टी तैयार होने के बाद गोभी के बीज बोने की बारी आती है. बीजों को मिट्टी में करीब 2 सेंटीमीटर गहराई पर लगाएं और ऊपर से हल्की मिट्टी डाल दें. इसके बाद थोड़ा पानी छिड़कें, ताकि मिट्टी में नमी बनी रहे.

Advertisement

गमले को ऐसी जगह रखें, जहां हल्की धूप आती हो. आमतौर पर 7 से 10 दिनों में बीज अंकुरित होने लगते हैं और छोटे-छोटे पौधे दिखाई देने लगते हैं. जब पौधे थोड़े बड़े हो जाएं और उनमें कुछ असली पत्तियां निकल आएं, तो उन्हें सावधानी से निकालकर बड़े गमले में लगा दें. पौधों को पर्याप्त जगह देना जरूरी है, ताकि वो अच्छे से बढ़ सके. 

रोज कितनी धूप और पानी देना जरूरी है?
गोभी के पौधे को बढ़ने के लिए धूप और पानी दोनों की जरूरत होती है. इसलिए गमले को ऐसी जगह रखें, जहां पौधे को रोज करीब 4 से 5 घंटे धूप मिल सके. अगर आपके घर की बालकनी में धूप अच्छे से आती है, तो वहां गोभी उगाना अच्छा ऑप्शन हो सकता है.

गोभी के पौधे में पानी देने के लिए कोई नियम बनाना जरूरी नहीं है. इसमें पानी तब देना चाहिए, जब मिट्टी सूखी लगे. ध्यान रखें कि गमले में पानी जमा न हो, क्योंकि इससे जड़ों को नुकसान पहुंच सकता है. मिट्टी में नमी बनाए रखना जरूरी है, लेकिन जरूरत से ज्यादा पानी देने से बचें. 

कीड़ों से बचाने के लिए अपनाएं ये तरीका
गोभी के पौधे की पत्तियों पर कीड़े लगने से उसकी ग्रोथ पर बुरा असर हो सकता है. इसलिए समय-समय पर पत्तियों को ध्यान से देखते रहें. अगर पत्तियों पर छोटे कीड़े या उनके निशान दिखाई दें, तो जल्द से जल्द बचाव करें.

Advertisement

पौधों की देखभाल के लिए नीम से बना कीटनाशक का इस्तेमाल किया जा सकता है. इसे इस्तेमाल करते समय पैक पर दिए गए इंस्ट्रक्शंस को फॉलो करना जरूरी है. इसके अलावा, पौधे की सूखी और खराब पत्तियों को हटा दें, ताकि पौधा हेल्दी बना रहे.

कितने दिनों में तैयार हो जाएगी घर की गोभी?
अगर आप सोच रहे हैं कि गमले में गोभी उगाने के बाद कितने दिन में उसे खाने के लिए तोड़ सकते हैं, तो आमतौर पर इसमें करीब 70 से 90 दिन लग सकते हैं. हालांकि, गोभी किस तरह की है, मौसम कैसा है और आप किस तरह से उसकी देखभाल कर रहे हैं, उस पर भी निर्भर करता है. 

जब गोभी का बीच वाला हिस्सा अच्छी तरह बड़ा और ठोस हो जाए, तो उसे काटकर इस्तेमाल कर सकते हैं. बहुत ज्यादा देर तक पौधे पर छोड़ने से गोभी फट भी सकती है, इसलिए समय पर काटना जरूरी है. 

पूरी सर्दी ताजी गोभी पाने के लिए अपनाएं ये छोटी-सी ट्रिक
अगर आप चाहते हैं कि घर में गोभी की फसल एक साथ तैयार होने के बजाय अलग-अलग समय पर मिले, तो थोड़ा गैप देकर नए बीज बो सकते हैं. इससे सभी पौधे एक ही समय पर बड़े नहीं होंगे और आपको अलग-अलग समय पर गोभी मिलने के चांस रहते हैं.

Advertisement

इसके लिए हर 15 दिन में नए पौधे लगाने का तरीका अपना सकते हैं. बस ध्यान रखें कि हर नए पौधे को अच्छी जगह, धूप और सही देखभाल मिले. इस तरह आप अपनी बालकनी में छोटी-सी किचन गार्डन तैयार कर सकते हैं और सर्दियों में घर पर उगाई गई ताजी गोभी का स्वाद ले सकते हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement