scorecardresearch
 

तिरुपति में बॉयलर ब्लास्ट से दहला फार्मा प्लांट... 5 मजदूरों की मौत, कैंटीन में बैठे कर्मचारी भी चपेट में आए

आंध्र प्रदेश के तिरुपति में श्री सिटी SEZ स्थित फार्मा कंपनी में आज सुबह करीब 8 बजे पानी का बॉयलर फट गया. धमाका इतना तेज था कि आसपास मौजूद कई कर्मचारी इसकी चपेट में आ गए. हादसे में अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल हैं. घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है.

Advertisement
X
बॉयलर फटने से चार मजदूरों की मौत. (Photo: Screengrab)
बॉयलर फटने से चार मजदूरों की मौत. (Photo: Screengrab)

आंध्र प्रदेश के तिरुपति जिले में श्री सिटी स्पेशल इकोनॉमिक जोन (SEZ) में शनिवार सुबह एक निजी फार्मा कंपनी में बॉयलर फटने से बड़ा हादसा हो गया. करीब 8 बजे कंपनी में धमाका हुआ. धमाके के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. पुलिस और इमरजेंसी टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया. सीएम ऑफिस की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, बॉयलर विस्फोट में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी. वहीं गंभीर रूप से घायल दो अन्य लोगों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. इसके बाद एक अन्य की मौत हो गई.

सुबह करीब 8 बजे का वक्त था. आंध्र प्रदेश के श्री सिटी SEZ में रोज की तरह एक निजी कंपनी में काम चल रहा था. नाइट शिफ्ट खत्म होने को थी. कुछ कर्मचारी अपनी ड्यूटी में लगे थे, तो कुछ कैंटीन में चाय-नाश्ता कर रहे थे. फिर अचानक एक तेज धमाका हुआ. कुछ ही सेकंड में पूरा इलाका चीख-पुकार से भर गया. कंपनी में लगे पानी के बॉयलर में जोरदार विस्फोट हुआ और इसकी चपेट में कई कर्मचारी आ गए. आग और धमाके से वहां अफरा-तफरी मच गई. इस हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत हुई है.

Sri City Pharma Boiler Blast Four Workers Dead Several Injured

हादसा आंध्र प्रदेश के तिरुपति जिले के सत्यवेडु मंडल स्थित श्री सिटी स्पेशल इकोनॉमिक जोन में हुआ. हादसे के बाद सामने आए एक घायल कर्मचारी के बयान से उस वक्त के हालात का अंदाजा लगाया जा सकता है. उसने बताया कि उसने इडली मांगी थी. जैसे ही वह इडली खाने लगा, अचानक कहीं से आग भड़क उठी. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उसके सीने और शरीर के दूसरे हिस्से झुलस गए.

Advertisement

यह भी पढ़ें: मिल्क प्लांट का बॉयलर फटा... धमाका होते ही चारो तरफ फैल गया मलबा, एक की मौत, पांच की हालत गंभीर

घायल कर्मचारी ने बताया कि उसके सीने में तेज जलन होने लगी थी. गला ऐसा लग रहा था जैसे पूरी तरह जल गया हो. जलने का असर सीने तक फैल गया. उसके पैरों और शरीर के दूसरे हिस्सों पर भी जलने के निशान थे. यानी धमाका इतनी अचानक हुआ कि कैंटीन में मौजूद लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला.

हादसे में घायल एक महिला कर्मचारी कृष्णवेणी ने भी अपनी आपबीती बताई. उन्होंने बताया कि वह ड्यूटी के लिए आई थीं. हादसे के वक्त वह कैंटीन में बैठी थीं और चाय-नाश्ता कर रही थीं. तभी अचानक वह भी धमाके की चपेट में आ गईं. जब उनसे पूछा गया कि बाहर क्या हुआ था, तो उन्होंने कहा कि उन्हें ठीक से पता नहीं है.

महिला ने कहा कि कैंटीन के पास खड़े रहने के दौरान ऊपर से कुछ गिरा और वह उसकी चपेट में आ गईं. धमाके के बाद वहां क्या हुआ, कुछ समझने का मौका नहीं मिला. धमाके के बाद पुलिस और आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंचीं. राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया. घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. शुरुआती जानकारी में कई लोगों के हताहत होने की आशंका जताई गई थी. 

Advertisement

Sri City Pharma Boiler Blast Four Workers Dead Several Injured

बॉयलर फटने से दो लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी. इसके बाद इलाज के दौरान दो और लोगों ने दम तोड़ दिया. एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति का इलाज जारी है. हादसे की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से घटना की जानकारी ली और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई. उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों के साथ खड़े रहने और जरूरी सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.

हादसे को लेकर कलेक्टर ने क्या बताया?

श्री सिटी में हुए बॉयलर ब्लास्ट में अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है. हादसे के बाद प्रशासन ने मृतकों के परिवारों के लिए 50-50 लाख रुपये की सहायता राशि का ऐलान किया है. यानी पांचों परिवारों को कुल 2.5 करोड़ रुपये की मदद दी जाएगी. तिरुपति के कलेक्टर वेंकटेश्वर ने बताया कि TIL Healthcare प्लांट में दो टन क्षमता वाले बॉयलर में विस्फोट हुआ. इस मामले में उस जिम्मेदार व्यक्ति को सस्पेंड कर दिया गया है, जिसने बॉयलर को इस्तेमाल के लिए फिट बताया था. हादसे की जांच के लिए एक कमेटी बनाई गई है. साथ ही कंपनी के मैनेजमेंट के खिलाफ केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. कलेक्टर ने कहा कि श्री सिटी के 18 साल के इतिहास में इस तरह का हादसा पहली बार हुआ है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement