भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत द्वारा जंतर-मंतर पर CJP प्रदर्शनकारियों को लेकर दिए गए 'जेनरेशन गटर' वाले विवादित बयान पर उनकी ही पार्टी की वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री स्मृति ईरानी की प्रतिक्रिया सामने आई है.
'इंडिया टुडे' टीवी को दिए एक विशेष साक्षात्कार में स्मृति ईरानी ने कंगना के बयान का न तो समर्थन किया और न ही कोई सीधी आलोचना की. स्मृति ईरानी ने कहा कि कंगना कई बार अपनी स्थिति स्पष्ट कर चुकी हैं, इसलिए वह अपनी ही पार्टी की एक सहयोगी के उस बयान पर टिप्पणी नहीं करना चाहेंगी, जिसने पहले ही अपना पक्ष साफ कर दिया है.
उन्होंने कहा, “मेरी सहयोगी ने कई बार अपनी स्थिति स्पष्ट की है. मैं अपने राजनीतिक संगठन की ऐसी सहयोगी पर टिप्पणी नहीं करूंगी, जिसने पहले ही अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है.” इसके बाद स्मृति ईरानी ने बातचीत का रुख महिला सशक्तीकरण की दिशा में मोड़ दिया.
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली NDA सरकार की महिलाओं के लिए किए गए कार्यों की तारीफ करते हुए कहा कि मोदी ने भारतीय राजनीति में महिलाओं को हाशिये से निकालकर मुख्यधारा में लाने का काम किया है.
यह भी पढ़ें: कंगना रनौत विवाद के बीच शुरू हुआ 'Sorry Hrithik' ट्रेंड, ऋतिक रोशन का आया रिएक्शन
महिला आरक्षण का किया जिक्र
स्मृति ईरानी ने 2023 में संसद से सर्वसम्मति से पारित 33 प्रतिशत महिला आरक्षण कानून को महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम बताया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने यह सुनिश्चित किया कि महिलाएं राजनीतिक व्यवस्था में हाशिये पर न रहें. ईरानी ने यह भी कहा कि किसी एक नेता के बयान के कारण प्रधानमंत्री के नेतृत्व में महिलाओं के लिए किए गए कार्यों का श्रेय उनसे नहीं छीना जाना चाहिए.
उन्होंने NDA सरकार द्वारा 25 करोड़ भारतीय महिलाओं के बैंक खाते खोलने और 11 करोड़ महिलाओं के लिए शौचालयों के निर्माण जैसे कदमों का भी उल्लेख किया.
यह भी पढ़ें: 'इनको समझाइए, बेटियों का चरित्र...', कंगना रनौत का नाम लिए बिना बरसे संजय सिंह
कंगना के बयान पर क्यों मचा विवाद?
स्मृति ईरानी की प्रतिक्रिया ऐसे समय आई है जब कंगना रनौत के जंतर-मंतर पर CJP के नेतृत्व में चल रहे प्रदर्शन को लेकर Gen Z पर दिए गए ‘Generation Gutter’ बयान की व्यापक आलोचना हो रही है. कंगना के बयान को लेकर CJP नेतृत्व के कई सदस्यों, जिनमें अभिजीत दिपके और सौरव दास शामिल हैं, ने उनकी आलोचना की है. अभिनेता सोनू सूद ने भी कंगना की टिप्पणी पर आपत्ति जताई है.