scorecardresearch
 

पैलेट गन से घायल युवक को लेकर राहुल गांधी ने की PC, बोले- धर्मेंद्र प्रधान इसके जिम्मेदार, जाना होगा

CJP आंदोलन के बीच कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने घायल छात्रों से मुलाकात की और केंद्र सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए कहा कि छात्रों को इंसाफ मिलना चाहिए.

Advertisement
X
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने घायल छात्र के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की. (Photo- Screengrab)
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने घायल छात्र के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की. (Photo- Screengrab)

NEET पेपर लीक को लेकर CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) का आंदोलन लगातार जारी है. इसी बीच शुक्रवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रदर्शन के दौरान घायल हुए छात्रों के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला. राहुल गांधी ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग किया गया और अब उन्हें इंसाफ मिलना चाहिए.

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी ने घायल छात्रों की तस्वीरें दिखाईं. उन्होंने दावा किया कि एक छात्र को उस समय पैलेट गन लगी, जब वह हाथ में तिरंगा लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहा था. राहुल गांधी ने कहा, "इस छात्र की एक आंख नहीं खुल रही है और उसे उस आंख से दिखाई नहीं दे रहा. इन छात्रों की कोई गलती नहीं थी, फिर भी उन पर कार्रवाई की गई."

यह भी पढ़ें: CJP ने कांग्रेस और बाकी विपक्षी दलों को कैसे बेअसर कर दिया? समझिए पूरी क्रोनोलॉजी

 

राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस और प्रदर्शनकारी छात्रों की तीन प्रमुख मांगें हैं. पहली, जिस वजह से पेपर लीक हुआ, उसके लिए जिम्मेदार व्यक्ति को हटाया जाए. दूसरी, छात्रों पर गोली चलाने और लाठीचार्ज करने वालों के खिलाफ कार्रवाई हो. तीसरी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के हजारों छात्रों से माफी मांगें.

Advertisement

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस पूरे विवाद की जिम्मेदारी से बच नहीं सकते. राहुल गांधी ने कहा, "धर्मेंद्र प्रधान इस आपराधिक शिक्षा व्यवस्था का प्रतीक हैं. शिक्षा व्यवस्था के पतन की जिम्मेदारी उन्हीं पर है. मेरे भाई को गोली लगी, हजारों छात्र सड़कों पर हैं, इसकी वजह वही हैं. उन्हें जाना होगा."

यह भी पढ़ें: CJP और सरकार के बीच बातचीत खत्म, 10 मिनट चली मीटिंग

राहुल गांधी ने यह भी कहा कि घायल छात्रों को बेहतर इलाज, उचित मुआवजा और न्याय मिलना चाहिए. उन्होंने कहा कि छात्रों को डराने-धमकाने के बजाय उनकी मांगों को सुना जाना चाहिए.

इस बीच शुक्रवार को CJP प्रतिनिधियों और केंद्रीय मंत्रियों जेपी नड्डा तथा जितेंद्र सिंह के बीच दूसरे दौर की करीब 50 मिनट तक बातचीत हुई. CJP का दावा है कि सरकार ने प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ दर्ज मामलों और कार्रवाई के मुद्दे पर सकारात्मक रुख दिखाया है. हालांकि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर सरकार ने शनिवार दोपहर तक जवाब देने के लिए समय मांगा है. संगठन ने साफ कर दिया है कि जब तक उनकी मुख्य मांगों पर फैसला नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement