अमेरिका के फिलाडेल्फिया में पिज्जा डिलीवर करते हुए हैदराबाद के युवक की गोली लगने से मौत हो गई.इस घटना से परिजनों और दोस्तों में गहरा सदमा पहुंचा है. घटना की जानकारी मिलते ही भारत के फिलाडेल्फिया वाणिज्य दूतावास ने मामले का संज्ञान लिया है.
स्थानीय पुलिस ने बताया कि फिलाडेल्फिया में हुई गोलीबारी में 28 वर्षीय एक भारतीय युवक की मौत हो गई है जो इलाके में पिज्जा डिलीवर करने आया था. मृतक की पहचान हैदराबाद निवासी 28 वर्षीय अंशुल कूंचा के रूप में हुई है.
इस सनसनीखेज हत्याकांड के पीछे की असल वजहें और परिस्थितियां क्या थीं, इसका आधिकारिक खुलासा होना अभी नहीं हुआ है स्थानीय अमेरिकी पुलिस प्रशासन मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटा है.
पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक अंशुल कुंचा फिलाडेल्फिया में काम कर रहा था. वह रोज की तरह अपने डिलीवरी असाइनमेंट पर निकला था, तभी रास्ते में अज्ञात बदमाशों ने उसे घेर लिया. परिवार का आरोप है कि हमलावरों ने अंशुल को निशाना बनाते हुए उस पर कई राउंड फायरिंग की, जिससे उसकी जान चली गई.
वहीं, भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने पीड़ित परिवार की सहायता के लिए स्थानीय प्रशासन से संपर्क किया है. और शोक संतप्त परिवार को सहायता प्रदान कर रहा है. अधिकारी जांच और पार्थिव शरीर को स्वदेश वापस भेजने के लिए आवश्यक औपचारिकताओं के संबंध में स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहे हैं.