पेट्रोल-डीजल के दाम एक बार फिर बढ़ गए हैं. चार दिन में दूसरी बार सरकार ने पेट्रोल-डीजल महंगा कर दिया है. ऐसे में विपक्ष एक बार फिर केंद्र सरकार पर हमलावर हो गया है. कांग्रेस से लेकर समाजवादी पार्टी तक ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार पर निशाना साधा है.
कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'जनता पर महंगाई मैन मोदी का हंटर एक बार फिर चल गया है. आज फिर पेट्रोल-डीजल को करीब 90 पैसे महंगा कर दिया गया. मोदी ने पिछले 4 दिन में 4 रुपए बढ़ा दिए हैं. इस बढ़ोतरी के साथ देश में पेट्रोल 109 रुपए और डीजल 96 रुपए पहुंच गया है.'
कांग्रेस ने आगे कहा, 'ये तो सिर्फ एक शुरुआत है. महंगाई मैन अभी और ज्यादा वसूली करेगा, क्योंकि अब चुनाव पूरी तरह खत्म हो चुके हैं.'
'देश की गरीब जनता की जेब से...'
कांग्रेस के राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ नेता इमरान प्रतापगढ़ी ने भी इस मुद्दे पर सरकार को घेरा है. उन्होंने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा, 'चाहे मोदी जी की महंगी विदेश यात्राओं का खर्च हो, या फिर उनकी चुनावी रैलियों में जुटाई गई भारी भीड़ का भारी-भरकम खर्च हो, इन सब चीजों की वसूली तो आखिरकार देश की गरीब जनता की जेब से ही होनी है.'
समाजवादी पार्टी के नेता भी भड़के
समाजवादी पार्टी के नेता राजीव राय ने भी पेट्रोल-डीजल महंगा करने को लेकर बीजेपी सरकार पर तंज कसा है. उन्होंने कहा, 'आज फिर से लगभग एक रुपया पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ा दिए गए हैं. मैं बस ये पूछना चाहता हूं कि जो बीजेपी नेता और मंत्री जी लोग एक दिन का ड्रामा करने के लिए ऑटो-रिक्शा पर चले थे, वो अब भी ऑटो-रिक्शा पर चल रहे हैं या नहीं?'
दिलीप घोष ने किया सरकार का बचाव
विपक्ष के चौतरफा हमलों के बीच बीजेपी नेताओं ने सफाई देते हुए सरकार का बचाव किया है. बंगाल सरकार में मंत्री दिलीप घोष ने कहा, 'इस समय पेट्रोल और डीजल को लेकर पूरी दुनिया भर में एक बड़ा संकट चल रहा है. दुनिया में जारी जंग की वजह से ही कच्चे तेल की कीमतें आसमान छू रही हैं और दाम बढ़े हैं.'
दिलीप घोष ने आगे कहा, 'हालांकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय जनता को इस संकट के सीधे असर से बचाने की पूरी कोशिश की है. लेकिन सच ये है कि हमारी भारतीय तेल कंपनियां इस समय बहुत ही बुरी हालत में हैं और उन्हें करोड़ों रुपये का भारी नुकसान हो रहा है. ऐसी स्थिति में मजबूरीके तहत ही तेल की कीमतें बढ़ानी पड़ी हैं.'
यह भी पढ़ें: Petrol-Diesel Price Hike: पेट्रोल-डीजल फिर महंगा, क्या इस बार चलेगा 90 पैसे वाला फॉर्मूला? 2022 में 13 बार बढ़े थे दाम
'दारू की बोतल 200 रुपए...'
वहीं, बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने इस पूरे विवाद पर एक अलग और अनोखा तर्क सामने रखा है. उन्होंने झारखंड के हालातों का जिक्र करते हुए कहा, 'ईरान संकट शुरू होने के बाद हमारे झारखंड में 100 रुपये वाली दारू की बोतल अब सीधे 200 रुपये की हो गई है. इस पर तो राज्य में कोई आंदोलन नहीं हो रहा? फिर पेट्रोल-डीजल के दाम सिर्फ दो-चार रुपये बढ़ने पर देश में इतना ज्यादा हंगामा क्यों मचाया जा रहा है?'
सुनील जाखड़ ने पीएम मोदी का आभार जताया
पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों के बीज पंजाब बीजेपी के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने पीएम मोदी का शुक्रिया अदा किया है. उन्होंने कहा, 'मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का आभारी हूं कि उन्होंने खाड़ी युद्ध की वजह से अंतरराष्ट्रीय बाजारों में उर्वरकों की आसमान छूती कीमतों के प्रभाव से हमारे किसानों को बचाया है. जहां भारत सरकार यूरिया 100 रुपए प्रति किलो की दर से आयात कर रही है, वहीं किसानों को ये सिर्फ 6 रुपए प्रति किलो में मुहैया कराया जा रहा है. 45 किलो का एक बैग, जिसकी आयात लागत 4,500 रुपए है, किसानों को मात्र 266 रुपए में दिया जा रहा है.'
जाखड़ ने आगे कहा, 'मैं सभी किसानों से ये भी अपील करता हूं कि कृषि विश्वविद्यालयों के दिशा-निर्देशों के मुताबिक उर्वरकों का संतुलित और समझदारी से इस्तेमाल करें. ठीक वैसे ही जैसे वो 46 रुपए प्रति किलो वाली चीनी का सावधानी से इस्तेमाल करते हैं. पैसा बचाइए. राष्ट्र बचाइए. मिट्टी बचाइए.'