राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने ड्रोन और IED सप्लाई नेटवर्क से जुड़े एक बड़े आतंकी साजिश मामले में देश के कई हिस्सों में छापेमारी की है. जानकारी के अनुसार, पाकिस्तान के ऑपरेटिव जासवीर चौधरी से जुड़े मॉड्यूल पर भारत में बड़े आतंकी हमलों की साजिश रचने का आरोप है. इसी को लेकर सुरक्षा एजेंसियां लगातार जांच और कार्रवाई में जुटी हुई हैं.
गृह मंत्रालय के निर्देश के बाद जांच अपने हाथ में लेते हुए NIA ने इस अभियान को तेज कर दिया है. एजेंसी की टीमें दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में कुल 12 स्थानों पर छापेमारी कर रही हैं.
आरोप है कि ड्रोन के जरिए भारत में हथियार, गोला-बारूद और IED भेजे जा रहे थे. एजेंसियां आतंकी नेटवर्क, ड्रोन सप्लाई चैन और IED मॉड्यूल के लिंक खंगाल रही हैं.
NIA के साथ केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां भी इस संयुक्त कार्रवाई में शामिल हैं और इस आतंकी नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें: जम्मू-कश्मीर में जमात-ए-इस्लामी के ठिकानों पर छापेमारी, टेरर फंडिंग पर NIA का एक्शन
हरियाणा में महिला पुलिस स्टेशन पर ग्रेनेड हमला
कुछ दिन पहले हरियाणा के सिरसा स्थित महिला पुलिस स्टेशन पर हुए ग्रेनेड हमले के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बड़ा खुलासा करते हुए 9 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी.
जांच में सामने आया है कि इस साजिश के पीछे दो पाकिस्तानी नागरिकों को मुख्य मास्टरमाइंड बताया गया है. NIA के अनुसार, यह हमला किसी स्थानीय घटना का हिस्सा नहीं था, बल्कि भारत में दहशत फैलाने के लिए रची गई एक संगठित अंतरराष्ट्रीय साजिश का हिस्सा था.
एजेंसी ने पाकिस्तान के शाहजाद भट्टी और सोहेल अहमद उर्फ सोहेल बलोच को इस हमले का प्रमुख साजिशकर्ता बताया.
NIA के अनुसार शाहजाद भट्टी पहले एक गैंगस्टर था, जो बाद में आतंकी गतिविधियों से जुड़ गया. एजेंसी का दावा है कि उसने भारत में पुलिस प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर दहशत और अस्थिरता फैलाने की साजिश रची थी.