scorecardresearch
 

'गांव से ग्लोबल तक विकास का संकल्प...', सीएम योगी आदित्यनाथ ने पीएम मोदी को कुछ यूं दी बधाई

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों को विकास, जनसेवा और बदलाव से जोड़ा. उन्होंने मोदी के नेतृत्व में युवा शक्ति, महिला सुरक्षा, किसान कल्याण और रोजगार के अवसरों में वृद्धि को सराहा.

Advertisement
X
सीएम योगी आदित्यनाथ ने पीएम मोदी को बधाई दी है (Photo-BJP)
सीएम योगी आदित्यनाथ ने पीएम मोदी को बधाई दी है (Photo-BJP)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार के प्रमुख के रूप में 25 साल पूरे होने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें बधाई दी है. सीएम योगी ने बुधवार को लखनऊ में 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत आयोजित 'सेवा ज्योति यात्रा-विकसित भारत संकल्प सभा' में हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सफर को विकास, जनसेवा और बदलाव से जोड़ा.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष 'गांव से ग्लोबल' तक भारत की विकास यात्रा और प्रत्येक नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव के संकल्प को दर्शाते हैं.

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में युवा शक्ति, महिला सुरक्षा, किसान कल्याण और रोजगार के अवसरों को नई गति मिली है. सीएम योगी ने कहा, 'उत्तर प्रदेश की जनता-जनार्दन की ओर से प्रधानमंत्री जी का हृदय से अभिनंदन और प्रदेशवासियों तथा समर्पित कार्यकर्ताओं को बधाई.'

'12 साल पहले दुनिया की खराब अर्थव्यवस्थाओं में होती थी भारत की गिनती'
मुख्यमंत्री योगी ने इस मौके पर भारत की अर्थव्यवस्था का भी जिक्र किया. उन्होंने दावा किया कि 12 साल पहले भारत की गिनती दुनिया की खराब अर्थव्यवस्थाओं में होती थी, लेकिन आज भारत आर्थिक मोर्चे पर दुनिया की शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में अपनी जगह बनाने में सफल हुआ है. सीएम योगी ने अपनी एक अन्य पोस्ट में कहा कि यह भारत के प्रत्येक नागरिक और उत्तर प्रदेश के प्रत्येक निवासी के लिए गौरव का क्षण है.

Advertisement

उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के वाराणसी से सांसद होने का भी जिक्र किया. योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री उत्तर प्रदेश के वाराणसी संसदीय क्षेत्र के सांसद के रूप में प्रदेश के बीच से ही देश को नेतृत्व प्रदान कर रहे हैं. सीएम योगी ने प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सफर को देश की विकास यात्रा से जोड़ते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में विकास के साथ विभिन्न क्षेत्रों में बदलाव आया है. उन्होंने इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी का अभिनंदन करने के साथ प्रदेशवासियों और बीजेपी कार्यकर्ताओं को भी बधाई दी.
 

सीएम धामी ने उत्तरकाशी के काशी विश्वनाथ मंदिर में की पूजा

वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रसेवा में 25 साल पूरे होने के अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी स्थित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की. उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन के साथ प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की. सीएम धामी ने सोशल मीडिया पर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्षों की सेवा यात्रा विकास, सुशासन और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण की यात्रा रही है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विकास के साथ देश की आस्था, संस्कृति और विरासत को भी नई शक्ति मिली है.

Advertisement

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के तीर्थस्थलों के विकास और धार्मिक विरासत के संरक्षण का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि देवभूमि के तीर्थस्थलों का विकास और धार्मिक विरासत का संरक्षण इसी संकल्प को आगे बढ़ा रहा है. धामी ने कहा कि उन्होंने बाबा विश्वनाथ और मां गंगा से प्रधानमंत्री मोदी को दीर्घायु प्रदान करने और उन्हें लगातार राष्ट्रसेवा की शक्ति देने की प्रार्थना की.

उन्होंने लिखा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर उत्तरकाशी स्थित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन के साथ समस्त प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की.'
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement