देश के विभिन्न हिस्सों में गुरुवार को आंधी-बारिश का दौर देखने को मिलेगा. दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने और सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से उत्तर, पूर्व, पश्चिम और दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है.
मौसम एजेंसियों के अनुसार, उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने की भी संभावना है. दिल्ली-एनसीआर में भी 11 और 12 जून के दौरान बारिश का एक और दौर देखने को मिल सकता है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.
वहीं मॉनसून की सक्रियता के चलते केरल, तटीय कर्नाटक, कोंकण-गोवा और पूर्वोत्तर भारत में अच्छी बारिश जारी रहने की संभावना है. केरल के एर्नाकुलम, इडुक्की और त्रिशूर जिलों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. पूर्वी भारत में बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. वहीं असम और मेघालय में भी मॉनसूनी गतिविधियां तेज बनी रहेंगी.
मौसम विभाग ने बताया है कि आज 16 राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश का असर देखने को मिल सकता है. कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है.
आज इन राज्यों में बारिश और आंधी की संभावना
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, केरल, कर्नाटक, कोंकण और गोवा बारिश देखने को मिलेगी.