scorecardresearch
 

बाइक से विधान भवन पहुंचे फडणवीस, योगी ने कम किया काफिला... पीएम मोदी की अपील का राज्यों में दिखा असर

पश्चिम एशिया में जारी संकट के कारण बढ़ती तेल कीमतों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईंधन बचत और संसाधनों के संयम की अपील की है। इसके बाद कई बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और अधिकारी अपने काफिले में शामिल वाहनों की संख्या घटाने लगे हैं.

Advertisement
X
महाराष्ट्र सीएम देवेंद्र फडणवीस बाइक से विधान भवन पहुंचे
महाराष्ट्र सीएम देवेंद्र फडणवीस बाइक से विधान भवन पहुंचे

वेस्ट एशिया में जारी संकट और बढ़ती तेल कीमतों का असर दुनिया भर में पड़ रहा है. बीते दिनों पीएम मोदी ने मंच से जो किफायत बरतने को लेकर अपील की थी लोगों ने उसे भी अमल में लाना शुरू कर दिया है. 

यहां तक कि राज्य की सरकारों  के फैसलों और नेताओं के कामकाज में भी उस अपील का रुख दिखाई दे रहा है. एक दिन पहले जहां सामने आया था कि पीएम मोदी के काफिले में बड़ी कमी की गई है तो इसके बाद कई बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, मंत्री और राज्यपाल भी इसी राह पर चलते दिखाई दे रहे हैं. गुरुवार को महाराष्ट्र सीएम बाइक से विधान भवन पहुंचे. जिसका वीडियो सामने आया है.

पीएम मोदी ने घटाई काफिले के वाहनों की संख्या

सरकारी सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने हाल के घरेलू दौरों के दौरान अपने काफिले में शामिल गाड़ियों की संख्या घटाई है. गुजरात और असम दौरे में यह बदलाव साफ दिखाई दिया. हालांकि, सुरक्षा से जुड़ी एसपीजी प्रोटोकॉल की जरूरी व्यवस्थाएं पहले की तरह कायम रखी गई हैं. सूत्रों का कहना है कि प्रधानमंत्री ने यह भी सुझाव दिया है कि जहां संभव हो, उनके काफिले में इलेक्ट्रिक वाहनों को शामिल किया जाए, लेकिन इसके लिए नई खरीदारी न की जाए.

Advertisement

बताया जा रहा है कि केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने मंत्रियों से कहा कि पश्चिम एशिया संकट को देखते हुए संसाधनों की बचत और खर्चों में संयम बरतना जरूरी है. उन्होंने मंत्रियों से अपने काफिले छोटे रखने और विदेशी यात्राएं कम करने को भी कहा.

प्रधानमंत्री की इस अपील के बाद कई राज्यों ने तुरंत कदम उठाने शुरू कर दिए. योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री और मंत्रियों के काफिले में शामिल वाहनों की संख्या 50 प्रतिशत तक घटाने का निर्देश दिया है. उन्होंने आम लोगों से भी समझदारी से खर्च करने और ईंधन बचाने की अपील की.

बाइक से विधान भवन पहुंचे सीएम फडणवीस
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पीएम मोदी की ईंधन बचत की अपील पर अमल करते हुए गुरुवार को बाइक से वर्षा आवास से विधान भवन पहुंचे और वहां से आगे मंत्रालय में आयोजित कैबिनेट बैठक के लिए भी मोटरसाइकिल से गए.
मुख्यमंत्री के इस कदम को सरकार की ओर से ईंधन संरक्षण और अनावश्यक खर्चों में कटौती के संदेश के तौर पर देखा जा रहा है. सूत्रों के मुताबिक, महाराष्ट्र मंत्रिमंडल के लिए भी एक एडवाइजरी जारी की गई है, जिसमें ईंधन बचत, सरकारी संसाधनों के बेहतर उपयोग और गैरजरूरी खर्च कम करने जैसे कई ठोस उपायों पर जोर दिया गया है.

Advertisement

बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री ने मंत्रियों और अधिकारियों से भी अपील की है कि वे जरूरत पड़ने पर साझा वाहन, इलेक्ट्रिक व्हीकल और कम ईंधन खर्च वाले साधनों का इस्तेमाल बढ़ाएं. हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से ईंधन की बचत करने, गैरजरूरी यात्राओं को कम करने और संसाधनों का सोच-समझकर इस्तेमाल करने की अपील की थी. इसके बाद कई बीजेपी शासित राज्यों में भी इस दिशा में पहल शुरू हो गई है. मुख्यमंत्री फडणवीस की बाइक यात्रा की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

उधर, अन्य राज्यों के सीएम भी इसी राह पर चलते दिखाई दे रहे हैं. सीएम मोहन यादव ने ऐलान किया है कि अब उनके काफिले में न्यूनतम वाहन ही शामिल होंगे और कोई वाहन रैली नहीं निकाली जाएगी. उन्होंने मंत्रियों को भी कम गाड़ियों के इस्तेमाल का निर्देश दिया और लोगों को सार्वजनिक परिवहन अपनाने के लिए प्रेरित किया.

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंत्रियों, विधायकों और जनप्रतिनिधियों के लिए सरकारी वाहनों के उपयोग पर सीमा तय करने का ऐलान किया है. उन्होंने दिल्लीवासियों से कारपूलिंग और सार्वजनिक परिवहन के अधिक इस्तेमाल की अपील की.

सीएम भजन लाल शर्मा ने भी अपने काफिले के इस्तेमाल को न्यूनतम करने के निर्देश दिए हैं. साथ ही अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से भी ईंधन बचत के उपाय अपनाने को कहा गया है.

Advertisement

महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने निर्देश दिया है कि मंत्री आधिकारिक यात्राओं में विमान का इस्तेमाल करने से पहले अनुमति लें. वहीं डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने ऊर्जा संरक्षण के संदेश के तौर पर इलेक्ट्रिक वाहन का इस्तेमाल शुरू कर दिया है.
गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने ऐलान किया कि अब वे राज्य के भीतर यात्रा के लिए ट्रेन, सरकारी बस और सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करेंगे. उन्होंने हेलीकॉप्टर और विमानों के उपयोग को सीमित करने का फैसला लिया है. गुजरात के डिप्टी सीएम हर्ष सांघवी ने अमेरिका दौरा भी रद्द कर दिया है.

बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि उन्होंने अपने इस्तेमाल की गाड़ियों की संख्या आधी कर दी है और केवल जरूरी होने पर ही आधिकारिक यात्रा करेंगे.

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि उनकी सरकार पश्चिम एशिया संकट के असर से निपटने के लिए जल्द विशेष कदमों की घोषणा करेगी. वहीं विष्णु देव साय ने भी अपने काफिले का आकार कम कर दिया है. वह भी इलेक्ट्रिक वाहनों पर विशेष जोर देने की तैयारी में हैं. 

प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को देशवासियों से पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने, मेट्रो और सार्वजनिक परिवहन का उपयोग बढ़ाने, कारपूलिंग अपनाने, इलेक्ट्रिक वाहनों को प्रोत्साहित करने और जहां संभव हो वहां वर्क फ्रॉम होम को बढ़ावा देने की अपील की थी. सरकार का मानना है कि इससे विदेशी मुद्रा की बचत के साथ-साथ ऊर्जा सुरक्षा को भी मजबूती मिलेगी.

केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी अपने वाहनों के काफिले को कम किया है. अब काफिले में सिर्फ तीन वाहन शामिल रहेंगे. शिवराज सिंह चौहान ने निर्देश दिए कि विभाग इस संभावना पर विचार करे कि बिना काम का नुकसान किए कैसे वर्क फ्रॉम होम को बढ़ावा दे, अधिकारी देखे कि एक ही कार्य में लगे दो या दो से अधिक कर्मचारियों को अल्टरनेट दिन बुलाने पर विचार करे
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement