दिल्ली से देहरादून तक सफर तय करने में अब महज 2.5 घंटे का वक्त लगेगा. सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि दिल्ली से देहरादून के बीच 210 किलोमीटर लंबा एक नया ग्रीन एक्सप्रेस-वे बनाया जाएगा.
लोकसभा में चर्चा दौरान नितिन गडकरी ने बताया कि इससे दोनों शहरों की दूरी 235 km से घटकर 210 km रह जाएगी और 6.5 घंटे की जगह मात्र 2.5 घंटे में पहुंचा जा सकेगा. यह देश का पहला ऐसा हाइवे होगा, जिसमें वन्यजीव संरक्षण के लिए 12 km लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर बनेगा.
दिल्ली - देहरादून एक्सप्रेस-वे पर काम जल्द ही शुरू होगा। इससे दोनों शहरों की दूरी 235 km से घटकर 210 km रह जाएगी और 6.5 घंटे की जगह मात्र 2.5 घंटे में पहुँचा जा सकेगा। यह देश का पहला ऐसा हाइवे होगा जिसमें वन्यजीव संरक्षण के लिए 12 km लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर बनेगा।
— Nitin Gadkari (@nitin_gadkari)
उन्होंने बताया कि इस प्रोजेक्ट पर 13000 करोड़ खर्च किए जाएंगे. इसी साल जून में काम अवार्ड कर दिया जाएगा. इस सड़क पर न्यूनतम 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से वाहन दौड़ सकेंगे. सरकार ने कहा कि एक्सप्रेसवे के निर्माण में करीब दो साल का वक्त लगेगा. इससे आर्थिक विकास को गति मिलेगी.
आगे नितिन गडकरी ने कहा कि दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे इस साल जून में शुरू हो जाएगा, जिसके बाद दोनों शहरों के बीच की दूरी महज 45 मिनट की रह जाएगी. दिल्ली से मेरठ की दूरी 96 किलोमीटर की है. दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे को 4 चरणों में पूरा किया जा रहा है.