scorecardresearch
 

इस राज्य में विधायकों के आ गए अच्छे दिन... 43 प्रतिशत सैलरी बढ़ेगी, IPAD भी मिलेगा

इस राज्य में विधायकों की मौजूदा सैलरी और भत्ते 70 हजार रुपये से बढ़ाकर एक लाख रुपये करने का प्रस्ताव दिया गया है. यह बढ़ोतरी करीब 43 प्रतिशत होगी. मंत्रियों की सैलरी और भत्ते भी एक लाख रुपये से बढ़ाकर करीब 1.25 लाख रुपये करने पर विचार हो रहा है. विधायकों, मंत्रियों और उनके निजी स्टाफ के लिए 480 आईपैड खरीदने का टेंडर जारी किया गया है.

Advertisement
X
 विधायकों की मौजूदा सैलरी और भत्ते 70 हजार रुपये हैं. (File Photo-PTI)
विधायकों की मौजूदा सैलरी और भत्ते 70 हजार रुपये हैं. (File Photo-PTI)

केरल के विधायकों के लिए अच्छी खबर है. राज्य में विधायकों और मंत्रियों की सैलरी और भत्ते बढ़ाने की तैयारी चल रही है. विधायकों की मौजूदा सैलरी और भत्ते 70 हजार रुपये हैं. इन्हें बढ़ाकर एक लाख रुपये करने का प्रस्ताव है. यानी कुल रकम में करीब 43 प्रतिशत की बढ़ोतरी हो सकती है. इसके साथ ही विधायकों, मंत्रियों और उनके निजी स्टाफ के लिए 480 आईपैड खरीदने को लेकर टेंडर भी जारी किया गया है. हालांकि, सैलरी बढ़ाने के प्रस्ताव पर अंतिम फैसला अभी बाकी है.

विधायकों की सैलरी 1 लाख रुपये करने का प्रस्ताव

केरल के संसदीय कार्य मंत्री सनी जोसेफ ने विधानसभा में बताया कि विधायकों की सैलरी और भत्ते बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि महंगाई के कारण विधायकों के रोजमर्रा के खर्च बढ़ गए हैं. पेट्रोल और दूसरे जरूरी खर्चों में भी इजाफा हुआ है. ऐसे में सैलरी और भत्तों में बदलाव की जरूरत महसूस की जा रही है.

मंत्री का कहना है कि, इस मुद्दे पर बिजनेस एडवाइजरी कमेटी (BAC) में चर्चा हुई है. विपक्ष के नेता पीके कुनहलिकुट्टी और दूसरे दलों के नेताओं के साथ भी बातचीत की गई है. अब इस मामले में अंतिम फैसला लेने की तैयारी है.

यह भी पढ़ें: काशी आर्ट कैफे, जिन्ना और बीफ... केरलम में व्लॉगर के वीडियो से भड़की UDF सरकार, दर्ज की FIR

Advertisement

दरअसल, केरल में विधायकों के साथ मंत्रियों की सैलरी और भत्ते बढ़ाने का प्रस्ताव भी है. मौजूदा व्यवस्था में मंत्रियों को सैलरी और भत्तों के रूप में करीब एक लाख रुपये मिलते हैं. प्रस्ताव के मुताबिक, इसे बढ़ाकर करीब 1.25 लाख रुपये किया जा सकता है.

विधायकों और मंत्रियों की सैलरी बढ़ाने से जुड़ी सिफारिशें सीएन रामचंद्रन नायर समिति ने पहले ही दी थीं. उसकी रिपोर्ट पिछले तीन से चार साल से राज्य सरकार के पास लंबित है. अब सरकार इस पर फैसला लेने की दिशा में आगे बढ़ रही है.

480 आईपैड खरीदने के लिए टेंडर जारी

सैलरी बढ़ाने के प्रस्ताव के बीच केरल सरकार ने 480 आईपैड खरीदने के लिए टेंडर भी जारी किया है. ये आईपैड विधायकों, मंत्रियों और उनके निजी स्टाफ के लिए खरीदे जाने की बात कही गई है. हालांकि, टेंडर जारी होने का मतलब यह नहीं है कि सभी आईपैड बांट दिए गए हैं. खरीद की प्रक्रिया आगे बढ़नी बाकी है.

यह भी पढ़ें: केरलम में जज के 17 साल के बेटे ने मर्सिडीज से स्कूटी को मारी टक्कर, 55 साल के शख्स की मौत

दरअसल, विधानसभा का सत्र गुरुवार तक चलना है. प्रस्ताव को इसी सत्र में आगे बढ़ाने के लिए कैबिनेट की मंजूरी जरूरी होगी. मंजूरी मिलने के बाद इसे राज्यपाल के पास भेजने और विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय को जानकारी देने की प्रक्रिया पूरी करनी होगी. इसके बाद ही प्रस्ताव को सदन में पेश किया जा सकेगा.

Advertisement

फिलहाल सैलरी बढ़ाने पर अंतिम फैसला कैबिनेट की बैठक के बाद ही साफ होगा. यह प्रस्ताव ऐसे समय में आया है, जब मुख्यमंत्री राज्य की आर्थिक चुनौतियों का जिक्र कर चुके हैं. ऐसे में सैलरी और भत्तों में बढ़ोतरी के प्रस्ताव पर चर्चा भी अहम हो गई है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement