केरलम के कोच्चि के चेरानल्लूर में रविवार सुबह-सुबह एक 17 साल के नाबालिग की कार ने कथित तौर पर एक स्कूटर को टक्कर मार दी, जिससे स्कूटर सवार व्यक्ति की मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक, नाबालिग एक एडिशनल डिस्ट्रिक्ट जज का बेटा है और कार जज के नाम पर रजिस्टर्ड थी.
नाबालिग मर्सिडीज बेंज चला रहा था. शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, वह नशे में नहीं था. पुलिस ने बताया कि आगे की जांच के लिए उसके ब्लड सैंपल लिए गए हैं.
वहीं, मृतक की पहचान मंजली के रहने वाले 55 साल के जयबालकृष्णन के तौर पर हुई है.
बताया जा रहा है कि कार ने जयबालकृष्णन के स्कूटर को पीछे से टक्कर मारी, जिससे उनकी मौत हो गई. हादसे के बाद 17 साल के नाबालिग ड्राइवर को पुलिस हिरासत में ले लिया गया.
यह भी पढ़ें: कार पर चढ़ गया डस्ट से भरा ट्रक, 3 दोस्तों की मौत... नूंह में दर्दनाक हादसा
पुलिस ने लापरवाही से गाड़ी चलाने और लापरवाही के कारण मौत का मामला दर्ज किया है.
इस बीच, जयबालकृष्णन की भतीजी ने बताया कि वे गुजारा करने के लिए खाने-पीने का स्टॉल चलाते थे और हादसा तब हुआ जब वे घर लौट रहे थे.
उन्होंने दावा किया कि कार जरूर तेज रफ्तार में चलाई जा रही होगी, क्योंकि उनके अंकल की दो-पहिया गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी और उस पर रखे सामान घटनास्थल के आस-पास बिखरे हुए मिले.
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब नाबालिग के पिता से पूछा गया कि उन्होंने अपने कम उम्र के बेटे को कार चलाने की इजाजत क्यों दी, तो उन्होंने पुलिस स्टेशन में बदतमीजी से बात की.