केरलम के कोल्लम जिले में एंटी-टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. एटीएस की टीम ने कोट्टाराकारा इलाके से अवैध रूप से रह रहे 10 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया. पकड़े गए इन आरोपियों के पास से भारतीय पहचान पत्र समेत आधार कार्ड भी बरामद हुए हैं. ये सभी घुसपैठिए अवैध तरीके से भारत में रहकर काम कर रहे थे और इनके पास से आधार कार्ड समेत कई पहचान पत्र भी मिले हैं, जिनकी अब जांच की जा रही है.
सूचना के आधार पर एंटी-टेररिस्ट स्क्वॉड ने कोट्टारक्करा में छापेमारी की और 10 लोगों को हिरासत में लिया. शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये सभी बांग्लादेशी नागरिक हैं, जो कि बिना वैध दस्तावेजों के भारत में रह रहे थे. टीम ने इनके पास से कुछ पहचान पत्र भी बरामद किए हैं, जिनमें आधार कार्ड भी शामिल हैं. अधिकारियों के मुताबिक, अब यह जांच की जा रही है कि ये दस्तावेज असली हैं या फिर इन्हें किसी तरह से बनाया गया है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि ये लोग भारत में कब और कैसे दाखिल हुए.
पहले भी हो चुकी है ऐसी कार्रवाई
केरलम में अवैध घुसपैठियों के खिलाफ यह कोई पहली कार्रवाई नहीं है. इससे पहले 5 जून को कोच्चि के पलारीवट्टम इलाके से भी पुलिस ने 10 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया था. वे सभी आरोपी वहां एक किराए के मकान में रहकर कबाड़ (स्क्रैप) का काम करते थे. पुलिस जांच के मुताबिक यह पूरा ग्रुप ट्रेन के रास्ते कोच्चि पहुंचा था, जिनकी उम्र 22 से 40 साल के बीच थी. उस दौरान भी उनके पास से कई अहम दस्तावेज मिले थे, जिनकी बारीकी से जांच की गई.
फिलहाल ATS सभी गिरफ्तार लोगों से पूछताछ कर रही है. एजेंसियों का फोकस इस बात पर है कि इनके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो नहीं है और ये भारत में किस मकसद से आए थे.