कर्नाटक के मांड्या जिले से सत्ता और रसूख के दुरुपयोग का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है. श्रीरंगपट्टनम तालुक स्थित प्रसिद्ध आरती उक्कडा मंदिर में 'भीमा अमावस्या' के अवसर पर ड्यूटी कर रहीं एक महिला पुलिस सब-इंस्पेक्टर (PSI) के साथ कथित तौर पर हाथापाई, थप्पड़ मारने और अभद्रता करने का आरोप लगा है.
यह गंभीर आरोप तुमकुरु ग्रामीण सीट से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के मौजूदा विधायक बी. सुरेश गौड़ा की बेटी और एसीपी (ACP) गौतम की पत्नी ऐश्वर्या पर लगा है. पुलिस ने पीड़िता महिला अधिकारी की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
दर्शन में देरी को लेकर हुआ विवाद
यह वारदात 12 अगस्त को रात करीब 8:15 बजे की है. मांड्या महिला पुलिस स्टेशन की PSI सविता बी. पुलिस पाटिल को भीमा अमावस्या के पावन अवसर पर आरती उक्कडा मंदिर में विशेष सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात किया गया था.
ऑन-ड्यूटी PSI को मारा थप्पड़
शिकायत के मुताबिक, मंदिर में दर्शन के दौरान समय लगने और लाइन व्यवस्था को लेकर विधायक की बेटी ऐश्वर्या की PSI सविता पाटिल से तीखी बहस हो गई. बहस देखते ही देखते इतनी बढ़ गई कि ऐश्वर्या ने कथित तौर पर महिला ऑन-ड्यूटी PSI के साथ बदसलूकी की, उन्हें थप्पड़ जड़ा और उनके साथ हाथापाई की. पीड़िता का आरोप है कि उन्हें अपनी सरकारी ड्यूटी करने से रोका गया और देख लेने की धमकियां भी दी गईं. देखें VIDEO:-
BNS की गंभीर धाराओं में FIR दर्ज
घटना के बाद पीड़ित महिला पुलिस अधिकारी की शिकायत पर क्यातनहल्ली पुलिस स्टेशन में आरोपी ऐश्वर्या के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 132 (सरकारी सेवक को ड्यूटी से रोकने के लिए हमला), 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 352 (शांति भंग करने के इरादे से अपमान) और 351(2) (आपराधिक धमकी) के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है.
क्रास-कम्प्लेंट भी आई सामने
उधर, मामले में नया मोड़ तब आया जब मांड्या के जिला पुलिस अधीक्षक (SP) ने पुष्टि की कि आरोपी ऐश्वर्या की तरफ से भी एक जवाबी (काउंटर) शिकायत दर्ज कराई गई है. अपनी शिकायत में ऐश्वर्या ने महिला PSI सविता पाटिल पर खुद के साथ अभद्र व्यवहार और बदसलूकी करने का आरोप लगाया है. फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों को संज्ञान में लेकर निष्पक्ष जांच कर रही है.