जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में एक बस हादसे का शिकार हो गई है. पेचउंड से रामनगर जा रही यह बस गुल्ली गाला इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसे में 16 यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है. फिलहाल उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
जानकारी के मुताबिक, चालक ने बस से नियंत्रण खो दिया जिसके कारण यात्रियों से भरी बस खाई में जा गिरी. हादसे के बाद सभी घायलों को इलाज के फौरन अस्पताल ले जाया गया है.
उधमपुर के डिप्टी कमिश्नर अनंत द्विवेदी ने बताया कि उधमपुर जिले के गाला पचौंड के पास यह हादसा हुआ है. उन्होंने बताया कि घटना के बाद राहत-बचाव कार्य के लिए राहत टीमों को फौरन रवाना किया गया. आपातकालीन राहत टीमें, सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट (SDM) और चिकित्सा कर्मी मौके पर पहुंच गए हैं.
उन्होंने कहा, 'मेडिकल टीमें घटनास्थल की ओर जा रही हैं. रामनगर के सब-डिस्ट्रिक्ट अस्पताल के स्टाफ को अलर्ट पर रखा गया है. वहां घायलों के इलाज के लिए पूरी तैयारी कर ली गई है. अभी तक किसी की मौत की खबर नहीं है. प्रशासन के अधिकारी मौके पर लगातार काम कर रहे हैं."
इस हादसे में बस पूरी तरह से पिचककर लोहे के ढेर में तब्दील हो गई. अधिकारियों ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने बचाव कार्य शुरू कर घायल यात्रियों को अस्पताल पहुंचाया.
यह भी पढ़ें: जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़, 2 आतंकी ढेर
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने हादसे की जानकारी मिलने के बाद उधमपुर के डिप्टी कमिश्नर अंनत द्विवेदी से बात की है. उन्होंने बताया कि घायलों को हर संभव मदद दी जा रही है.