देश के कई हिस्से इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं. महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र से लेकर ओडिशा और दिल्ली तक तापमान लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कई इलाकों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. अगले 4 से 7 दिनों तक राहत मिलने की संभावना भी बेहद कम बताई जा रही है.
विदर्भ में सबसे ज्यादा कहर, वर्धा 47.1 डिग्री पर पहुंचा
महाराष्ट्र का विदर्भ क्षेत्र इस समय सबसे ज्यादा तप रहा है. बुधवार को वर्धा राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 47.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. नागपुर में 46.6, अमरावती में 46.4 और चंद्रपुर में 46.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ. इसके अलावा गढ़चिरौली में 45.6, अकोला और यवतमाल में 45.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने अकोला, अमरावती और वर्धा के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि नागपुर, चंद्रपुर और यवतमाल में ऑरेंज अलर्ट लागू है.
IMD नागपुर केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. प्रवीण कुमार के मुताबिक, क्षेत्र में एंटी-साइक्लोनिक सर्कुलेशन और गर्म व शुष्क हवाओं के कारण तापमान सामान्य से काफी ऊपर बना हुआ है. उन्होंने कहा कि अगले 5 से 7 दिनों तक यही स्थिति बनी रह सकती है.
ओडिशा में भी झुलसा देने वाली गर्मी
ओडिशा भी तेज गर्मी से बेहाल है. झारसुगुड़ा बुधवार को 46 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म शहर रहा. संबलपुर में 45.3 और हीराकुंड में 45 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. सोनपुर, बरगढ़, तलचर और बोलांगीर जैसे कई जिलों में तापमान 43 डिग्री के पार पहुंच गया. राज्य के 21 स्थानों पर पारा 40 डिग्री से ऊपर रिकॉर्ड किया गया.
IMD ने अगले चार दिनों तक कई जिलों में हीटवेव की चेतावनी जारी की है. संबलपुर और बलांगीर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि भद्रक, कटक, पुरी, खुर्दा, सुंदरगढ़ और अंगुल समेत कई जिलों में येलो अलर्ट लागू है. हालांकि मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में शाम के समय गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना भी जताई है.
दिल्ली में लगातार दूसरे दिन हीटवेव
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली भी भीषण गर्मी से तप रही है. बुधवार को लगातार दूसरे दिन राजधानी में हीटवेव दर्ज की गई. सफदरजंग में अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जबकि रिज इलाके में पारा 45.8 डिग्री तक पहुंच गया. पालम, लोधी रोड और अयानगर में भी तापमान 45 डिग्री के आसपास बना रहा. मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए अधिकतम तापमान 46 डिग्री तक पहुंचने की आशंका जताई है.
क्यों बढ़ रही है इतनी गर्मी?
स्काईमेट वेदर के मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत के मुताबिक, राजस्थान के थार रेगिस्तान और पाकिस्तान के कुछ हिस्सों से आने वाली गर्म और शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाएं दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत को झुलसा रही हैं. ये हवाएं गर्मी को सतह के पास फंसा रही हैं, जिससे दिन के साथ-साथ रात का तापमान भी बढ़ा हुआ है.
उन्होंने बताया कि अगले 10 दिनों तक बारिश या आंधी की संभावना नहीं है, जिससे हालात और गंभीर हो सकते हैं. धूलभरी हवाओं की वजह से दिल्ली की वायु गुणवत्ता भी खराब हुई है और AQI “मॉडरेट” श्रेणी में पहुंच गया है.
स्वास्थ्य पर बड़ा खतरा
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि भीषण गर्मी छोटे बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और बीमार लोगों के लिए गंभीर खतरा बन सकती है. डॉक्टरों ने दोपहर में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी है.
IMD की सलाह