प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी से बात की और चक्रवात के बाद प्रदेश के हालात को लेकर चर्चा की. इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने राज्य में चक्रवात निवार एवं भारी बारिश से जान गंवाने वाले लोगों के आश्रितों के लिए मुआवजा की घोषणा की है. प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से बयान जारी कर कहा गया है कि चक्रवात और भारी बारिश के बाद प्रदेश में उपजे हालात को लेकर पीएम मोदी ने तमिलनाडु सीएम से बात की और उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया.
पीएमओ ने बताया कि केंद्रीय टीम को रेस्क्यू और रिलीफ वर्क में मदद के लिए तमिलनाडु भेजा गया है. पीएम मोदी ने चक्रवात में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है साथ ही घायल और प्रभावित लोगों के जल्द ठीक होने की कामना की है.
PM spoke to Tamil Nadu CM Thiru and discussed the situation in the wake of the cyclone and heavy rainfall in parts of the state. Central teams are being sent to Tamil Nadu to assist in rescue and relief work.
— PMO India (@PMOIndia)
पीएमओ के मुताबिक चक्रवात एवं भारी बारिश के कारण जान गंवाने वाले लोगों के आश्रितों को दो दो लाख रुपये जबकि घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी.
पीएमओ ने कहा कि मृतकों के आश्रितों और घायलों को दी जाने वाली आर्थिक सहायता प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से उपलब्ध कराई जाएगी.
चक्रवाती तूफान निवार गुरुवार आधी रात के बाद तमिलनाडु और पुडुचेरी के तटों से गुजरता हुआ आगे निकल चुका है. मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक टकराने के बाद चक्रवाती तूफान अब पहले की तरह खतरनाक नहीं रहा लेकिन तेज हवा के साथ बारिश अभी जारी है.
पुडुचेरी और तमिलनाडु कराइकल,नागापट्टनम और चेन्नई में बुधवार से ही बारिश हो रही है. बारिश की वजह से अधिकतर इलाकों में कई फुट तक जलभराव है.