कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि वह और विपक्षी सांसद प्रदर्शन के लिए जंतर-मंतर जा रहे हैं. इससे पहले मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बुलावे पर INDIA ब्लॉक के सांसद दिल्ली के जनपथ स्थित सागर रत्ना रेस्टोरेंट में जुटे थे. रेस्टोरेंट जंतर-मंतर से करीब 100 मीटर दूर है, इसलिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और बैरिकेडिंग की गई है. वहां BNSS की धारा 163 लागू है.
दिल्ली पुलिस विपक्षी सांसदों की हर गतिविधि पर नजर रख रही है. पुलिस की रणनीति फिलहाल वेट एंड वॉच की है. पुलिस ने साफ कर दिया है कि अगर सांसद जंतर-मंतर, कनॉट प्लेस या विंडसर पैलेस की ओर बढ़े तो उन्हें रोका जाएगा. पुलिसकर्मियों को सांसदों को रोकने और हिरासत में लेने की प्रक्रिया के बारे में पहले ही समझा दिया गया है.
जंतर-मंतर पर मचे सियासी घमासान की हर अपडेट सबसे पहले आपको यहीं मिलेगी. राहुल गांधी समेत विपक्ष के बड़े नेताओं के प्रदर्शन से जुड़ी पल-पल की खबर, हर हलचल और हर बड़ा अपडेट पढ़ते रहें सिर्फ आजतक पर. यहां जुड़े रहें.
4:18 PM: ग्राउंड जीरो पर क्या चल रहा है, इसे आजतक संवाददाता मौसमी सिंह बता रही हैं.
4:17 PM: दिल्ली में जंतर-मंतर के पास भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई है. INDIA ब्लॉक के सांसद यहां प्रदर्शन स्थल की ओर जाने वाले हैं. इससे पहले दोपहर में INDIA ब्लॉक के सांसदों ने मल्लिकार्जुन खड़गे की ओर से बुलाई गई बैठक में हिस्सा लिया.
4:06 PM: INDIA ब्लॉक के सांसदों को लेकर एक बस जंतर-मंतर की ओर जा रही है. इसी दौरान कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने बस को रोके जाने को लेकर सवाल उठाए.
कार्ति चिदंबरम ने कहा कि वे एक निजी बस से यात्रा कर रहे हैं, जिसके पास जरूरी परमिट है और बस ड्राइवर के पास वैध लाइसेंस है. उन्होंने कहा कि सांसद इस बस में यात्री के तौर पर सफर कर रहे हैं. उन्होंने सवाल किया कि क्या देश के नागरिकों को स्वतंत्र रूप से यात्रा करने का अधिकार नहीं है? क्या सरकार को यह बताना जरूरी है कि वे कहां जा रहे हैं? क्या निजी तौर पर यात्रा करने के लिए सरकार से परमिट लेना पड़ता है?
4:00 PM: मल्लिकार्जुन खड़गे की ओर से बुलाई गई विपक्षी सांसदों की बैठक के बाद सांसदों का दल जंतर-मंतर की ओर रवाना हो गया है. एक बस में खड़गे, राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य विपक्षी सांसद मौजूद हैं.
3:50 PM: मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि विपक्षी गठबंधन INDIA के नेताओं ने कहा है कि आज जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा.
उन्होंने चुनाव आयोग की कार्रवाई को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी गंभीर आरोप लगाए. उनका दावा है कि चुनाव आयोग जो कुछ कर रहा है, उसके पीछे नरेंद्र मोदी हैं और सरकार लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश कर रही है.
विपक्षी नेताओं का कहना है कि सभी दल मिलकर देश की जनता को यह बताना चाहते हैं कि उनके अधिकार छीने जा रहे हैं.
उन्होंने यह भी कहा कि जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए अगर उनके खिलाफ कितने भी मामले दर्ज किए जाएं, वे न तो डरेंगे और न ही अपना प्रदर्शन रोकेंगे.
3:40 PM: डेरेक ओ’ब्रायन ने कहा कि सभी विपक्षी सांसद एक साथ और एकजुट हैं. उन्होंने कहा, “हम सभी यहां एक साथ हैं, हम सभी एकजुट हैं और हम सभी बिना किसी अहंकार के यहां हैं.”
डेरेक ओ’ब्रायन ने आगे कहा कि विपक्ष एक बड़ी ताकत के खिलाफ तब तक लड़ता रहेगा, जब तक वह बाहर नहीं हो जाती.
3:35 PM: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि विपक्षी सांसदों ने तीनों चुनाव आयुक्तों से मुलाकात की कोशिश की, लेकिन उन्हें मिलने से इनकार कर दिया गया. उन्होंने कहा कि आज विपक्षी सांसद जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेंगे.
राहुल गांधी ने कहा कि उनके लिए ज्ञानेश कुमार वैध चुनाव आयुक्त नहीं हैं और मांग की कि उन्हें इस्तीफा देना होगा. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और मोहन भागवत पर भी लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया.
दिल्ली में अपने और अन्य सांसदों के खिलाफ दर्ज FIR को लेकर राहुल गांधी ने कहा कि उनके खिलाफ अब तक 45 FIR दर्ज की जा चुकी हैं. राहुल गांधी ने कहा, “मैं चाहता हूं कि मेरे खिलाफ 100 FIR दर्ज हों। मेरे लिए हर FIR एक मेडल की तरह है.”