अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम को लेकर कोलकाता के ऐतिहासिक रेड रोड को बंद किए जाने के मामले में कलकत्ता हाईकोर्ट ने महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है. कोर्ट ने पुलिस कमिश्नर को निर्देश दिया है कि रेड रोड बंद रहने के दौरान हाईकोर्ट आने-जाने वाले वकीलों, कर्मचारियों और आम नागरिकों के लिए वैकल्पिक रास्तों का इंतजाम किया जाए.
जस्टिस सौगत भट्टाचार्य ने अपने लिखित आदेश में साफ तौर पर कहा कि पुलिस प्रशासन को इस बात का पूरा ध्यान रखना चाहिए कि हाईकोर्ट के कर्मचारी और वकील अदालत की कार्यवाही के लिए समय पर पहुंच सकें. उन्होंने कोलकाता पुलिस कमिश्नर को सख्त निर्देश दिया है कि यदि जरूरी हो तो ऐसे ठोस वैकल्पिक इंतज़ाम किए जाएं, जिससे ट्रैफ़िक की आवाजाही में कोई भी रुकावट पैदा न हो.
दरअसल, पश्चिम बंगाल सरकार ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) के आयोजन के मद्देनजर कोलकाता के रेड रोड पर 7 दिनों तक वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने का आदेश जारी किया था. इस आदेश के खिलाफ ऑल इंडिया लॉयर्स एसोसिएशन ने हाईकोर्ट का रुख किया. याचिका में कहा गया है कि 7 दिनों का वाहनों पर प्रतिबंध का आदेश अनुचित है.
ऑल इंडिया लॉयर्स एसोसिएशन की ओर से दायर इस याचिका पर सुनवाई करते हुए न्यायमूर्ति भट्टाचार्य ने बुधवार को याचिका पर सुनवाई की अनुमति दे दी थी और आज इस मामले में विस्तार से सुनवाई की है.
सुनवाई के दौरान वकील विकास रंजन भट्टाचार्य ने दलील दी कि अगर सड़क के 50 प्रतिशत हिस्से पर ट्रैफिक की इजाजत दी जाती तो कोई समस्या नहीं होती, लेकिन अभी वकीलों को घूमकर जाना पड़ रहा है. इस पर जस्टिस ने राज्य के वकील से पूछा कि ये कार्यक्रम रेड रोड के बजाय ब्रिगेड परेड ग्राउंड में क्यों नहीं हो रहा है?.
SPG संभालती है पीएम की सुरक्षा
एडिशनल एडवोकेट जनरल बिलवदल भट्टाचार्य ने जवाब दिया कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा एसपीजी (SPG) संभालती है और ब्रिगेड परेड ग्राउंड में कार्यक्रम करने से सुरक्षा जोखिम हो सकते हैं, इसीलिए इसे रेड रोड पर आयोजित किया जा रहा है.
एडिशनल एडवोकेट जनरल ने इस याचिका के सुनवाई के लायक होने पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि याचिकाकर्ता उत्तरपाड़ा का रहने वाला है और उसके आने-जाने का रेड रोड से कोई लेना-देना नहीं है, साथ ही पुलिस पहले से ही वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल कर रही है. बहरहाल, अदालत ने आदेश दिया है कि रविवार को कार्यक्रम खत्म होने के तुरंत बाद सड़क खाली कराई जाए और मामले में सेना को भी पक्ष बनाया जाए, जिसकी अगली सुनवाई 24 जून को होगी.
महुआ मोइत्रा का तीखा हमला
वहीं, रेड रोड बंद को लेकर टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, 'रेड रोड पर एक दिन में एक घंटे के लिए ईद की नमाज नहीं हो सकी, लेकिन उसी रेड रोड को योग दिवस के लिए एक हफ्ते तक बंद रखा जा रहा है. अब ताहिर खान, खालीलुर्रहमान यूसुफ पठान क्या आप में अपने आकाओं से ये सवाल पूछने की हिम्मत है?'.