scorecardresearch
 

बंगाल में CM पर फैसला कराने खुद जाएंगे अमित शाह, असम की जिम्मेदारी जेपी नड्डा को

पश्चिम बंगाल में मिली ऐतिहासिक जीत और असम में नई संभावनाओं के बीच भारतीय जनता पार्टी ने दिग्गज नेताओं को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है. गृह मंत्री अमित शाह को बंगाल और जेपी नड्डा को असम की जिम्मेदारी सौंपी गई है.

Advertisement
X
बंगाल के पर्यवेक्षक बनाए गए अमित शाह. (File photo: ITG)
बंगाल के पर्यवेक्षक बनाए गए अमित शाह. (File photo: ITG)

पश्चिम बंगाल और असम विधानसभा चुनाव BJP की अभूतपूर्व जीत के बाद नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है. इसी बीच जानकारी आ रही है कि बंगाल में बीजेपी का पहला मुख्यमंत्री बनाने की जिम्मेदारी पार्टी ने पार्टी के 'चाणक्य' अमित शाह को सौंपी है जो राजनीतिक रणनीति में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. इस फैसले से बीजेपी की स्थिति और मजबूत होने की उम्मीद है. वहीं, जेपी नड्डा को असम के लिए पर्यवेक्षक बनाया गया है.

बीजेपी द्वारा जारी बयान के अनुसार, BJP संसदीय बोर्ड ने पश्चिम बंगाल में पार्टी विधायक दल के नेता के चुनाव हेतु केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है. और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी को सह-पर्यवेक्षक बनाया गया है. बताया जा रहा है कि दोनों नेता राज्य के नवनिर्वाचित विधायकों और नेतृत्व के साथ बैठक करेंगे, ताकि मुख्यमंत्री और कैबिनेट के नामों पर अंतिम फैसला लिया जा सके.

JP नड्डा के कंधों पर होगी असम की जिम्मेदारी

बीजेपी ने बंगाल के साथ-साथ असम में भी अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखने के लिए अनुभवी नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी है. पार्टी ने जेपी नड्डा को असम का पर्यवेक्षक नियुक्त किया, जबकि हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी सह-पर्यवेक्षक बनाया है. इनकी मुख्य भूमिका राज्य में संगठनात्मक समन्वय और आगामी राजनीतिक निर्णयों की देखरेख करना होगी. इन नियुक्तियों के साथ ही बीजेपी ने दोनों राज्यों में सत्ता की बिसात बिछाना शुरू कर दिया है.

Advertisement

9 मई को होगा शपथग्रहण

वहीं, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य ने नई सरकार के शपथग्रहण बारे में जानकारी देते हुए समाचार एजेंसी से कहा, 'उम्मीद क्या, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल (सोमवार) को ही स्पष्ट कर दिया था कि 9 मई को शपथग्रहण समारोह होगा, क्योंकि 9 मई को गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती है. पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह 9 मई को होगा...'

BJP ने जीतीं 206 सीटें

पश्चिम बंगाल में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में BJP ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 206 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि सत्तारूढ़ टीएमसी 80 सीटों पर सिमट गई है. ऐसे में अमित शाह जैसे वरिष्ठ नेता को पर्यवेक्षक बनाए जाने को पार्टी के अंदर संगठनात्मक मजबूती और सरकार गठन की प्रक्रिया को सुचारू रूप से चलाने के संकेत के रूप में देखा जा रहा है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement