BJP ने शनिवार को राष्ट्र गीत वंदे मातरम् के सम्मान और उसकी विरासत की रक्षा के लिए एक प्रस्ताव पारित किया. साथ ही, BJP ने कांग्रेस के कार्यक्रमों में वंदे मातरम् के सिर्फ दो छंदों के गायन की निंदा भी की है. BJP ने कांग्रेस पर वंदे मातरम् का अपमान करने का आरोप लगाया है.
BJP का कहना है कि वंदे मातरम् भारत के राष्ट्रीय गीत के साथ ही भारत माता के प्रति श्रद्धा की अभिव्यक्ति, स्वतंत्रता संग्राम का मंत्र और भारत की राष्ट्रीय चेतना का प्रतीक भी है.
BJP सांसद संबित पात्रा ने वंदे मातरम् को देशभक्ति का बीज बताया है. उन्होंने कांग्रेस पर वंदे मातरम् का अपमान करने का आरोप लगाया. उनका कहना है कि जिस वंदे मातरम् को गाते हुए लोगों ने कुर्बानी दी, उसी को पूरा गाने से कांग्रेस रोक रही है. उन्होंने दावा किया कि 19 अगस्त 2026 को कांग्रेस की CWC की बैठक में यह प्रस्ताव पारित हुआ कि वे वंदे मातरम् के दो ही छंद गाएंगे. उन्होंने कहा कि कांग्रेस वंदे मातरम् को रोक रही है. उनका कहना है कि यह राजनीति का विषय नहीं बल्कि विभाजन का सवाल है.
यह भी पढ़ें: BJP मुख्यालय में आज 3 बड़ी बैठकें, नितिन नवीन की नई टीम को लेकर भी मंथन
वहीं, BJP अध्यक्ष नितिन नवीन ने बैठक में कहा कि वंदे मातरम् की विरासत को आज की वोट बैंक की राजनीति की गणित में सीमित नहीं किया जा सकता. उन्होंने कहा कि 1947 में भारत की आजादी का जयघोष वंदे मातरम् था.
BJP पदाधिकारियों की बैठक में प्रस्ताव भी पारित किया गया. इसमें 19 अगस्त 2026 के कांग्रेस कार्यसमिति के उस फैसले की निंदा की गई जिसमें कांग्रेस के कार्यक्रमों में वंदे मातरम् के सिर्फ दो ही छंद गाने का फैसला हुआ. BJP ने संकल्प लिया कि वह वंदे मातरम् के सम्मान, गरिमा, विरासत और उसके राष्ट्रीय स्वरूप की रक्षा के लिए काम करेगी.
BJP की बैठक में यह संकल्प लिया गया कि राष्ट्रीय गीत को सांप्रदायिक दबाव, राजनीतिक तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति में लाए जाने का विरोध करेगी.
बैठक में यह भी संकल्प लिया गया कि पार्टी महात्मा गांधी के “साम्राज्यवाद-विरोधी नारा” और “शुद्धतम राष्ट्रीय भावना” वाले कथन को जनता तक पहुंचाएगी. BJP कार्यकर्ताओं के जरिए देश भर में अभियान चलाएगी जिसमें वंदे मातरम् के इतिहास, अर्थ, राष्ट्रीय महत्व और इतिहास के बारे में बताया जाएगा.