INDIA ब्लॉक के मार्च को लेकर बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने विपक्षी दलों, खासकर कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा है. उन्होंने आरोप लगाया कि देश में सत्ता परिवर्तन और राहुल गांधी को सत्ता में लाने के लिए प्रायोजित तरीके से कोशिश की जा रही है. पात्रा ने राहुल गांधी के फॉर्म-6 को लेकर किए गए दावों पर भी सवाल उठाए और उन पर झूठ बोलने का आरोप लगाया.
कई वर्षों से चल रहा है सिलसिला- संबित पात्रा
संबित पात्रा ने कहा, 'विपक्षी पार्टियों, खासकर कांग्रेस की तरफ से एक प्रायोजित कोशिश की जा रही है कि देश में सत्ता कैसे बदली जाए और राहुल गांधी को बस ऐसे ही सत्ता में कैसे बिठाया जाए. इसके लिए भारत के लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं पर प्रायोजित तरीके से हमले किए जा रहे हैं.'
उन्होंने दावा किया कि यह सिलसिला पिछले कुछ महीनों में शुरू नहीं हुआ, बल्कि कई वर्षों से चल रहा है. उन्होंने कहा, 'शुरू से ही कांग्रेस राहुल गांधी को किसी तरह लॉन्च और री-लॉन्च करने की कोशिश करती रही है. कई कोशिशों के बावजूद जब राहुल गांधी लॉन्च नहीं हो पाए तो आखिरकार कांग्रेस और उसके कुछ सहयोगियों ने तय किया कि भले ही उन्हें भारत के लोकतंत्र पर हमला करना पड़े और देश में अराजकता फैलानी पड़े, वे इससे पीछे नहीं हटेंगे.'
यह भी पढ़िएः 'कांग्रेस विभाजन कर रही...' BJP ने वंदे मातरम् के सम्मान के लिए पारित किया प्रस्ताव
फॉर्म-6 को लेकर राहुल गांधी पर निशाना
संबित पात्रा ने फॉर्म-6 को लेकर राहुल गांधी के दावों पर भी हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी इस मामले में झूठ बोल रहे हैं और चुनाव आयोग उनके दावों का खंडन और फैक्ट चेक कर चुका है.
पात्रा ने कहा कि फॉर्म-6 में कोई बदलाव नहीं किया गया है, बल्कि उसके साथ केवल एक डिक्लेरेशन जोड़ा गया है. उन्होंने दावा किया कि इस डिक्लेरेशन से जुड़े बदलाव को सुप्रीम कोर्ट ने भी बरकरार रखा है.
उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने 27 मई 2026 के अपने फैसले में इसे बरकरार रखा था. पात्रा के मुताबिक, 'फॉर्म-6 में कोई संशोधन नहीं हुआ है. केवल उसके साथ डिक्लेरेशन जोड़ा गया है और इसे सुप्रीम कोर्ट ने बरकरार रखा है.'
उन्होंने कहा कि अब कोई भी नया मतदाता फॉर्म-6 के साथ डिक्लेरेशन फॉर्म भी देगा. पात्रा ने कहा कि चुनाव आयोग ने ऐसा कोई आदेश नहीं दिया है, जैसा कि विपक्ष की ओर से दावा किया जा रहा है.
सुप्रीम कोर्ट के नाम पर कर रहे हैं राजनीति
बीजेपी की ओर से राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा गया कि वह सुप्रीम कोर्ट के नाम पर राजनीति कर रहे हैं और उन्हें लगातार बेनकाब किया जाएगा. वक्ता ने राफेल मामले का जिक्र करते हुए राहुल गांधी की ओर से सुप्रीम कोर्ट में मांगी गई माफी का हवाला दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी एक बार फिर अपनी राजनीति के लिए सुप्रीम कोर्ट के नाम का इस्तेमाल कर रहे हैं और उनके दावों को आगे भी ‘एक्सपोज’ किया जाता रहेगा.
सुप्रीम कोर्ट ने नहीं दी मंजूर
वहीं, कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने फॉर्म 6 में बदलाव को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के कहने पर लोगों से वोट का अधिकार छीना जा रहा है. श्रीनेत ने दावा किया कि ज्ञानेश कुमार ने 26 सितंबर की प्रेस रिलीज में फॉर्म 6 में किए गए बदलाव को सुप्रीम कोर्ट के निर्देश से जोड़ा था, जबकि सुप्रीम कोर्ट ने ऐसी कोई मंजूरी देने से इनकार किया है.