बिहार की हाई प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट से लेकर मध्य प्रदेश की दतिया और गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट पर कल यानी 30 जुलाई को उपचुनाव होने हैं. इससे पहले इन सीटों पर मंगलवार शाम को प्रचार थम गया था. वोटिंग 30 जुलाई को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होगी जबकि मतगणना तीन अगस्त को की जाएगी.
बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव पर सभी की नजरें बनी हुई हैं. बीजेपी का गढ़ कहे जाने वाली इस सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है. यहां मुकाबला जनसुराज प्रत्याशी प्रशांत किशोर, बीजेपी के नीरज कुमार सिन्हा और आरजेडी की रेखा गुप्ता के बीच है. यहां
बीजेपी के लिए ये चुनाव जीतना जरूरी है क्योंकि इस सीट से बीजेपी नेता नितिन नवीन चुनाव जीतते आ रहे हैं. बीजेपी ने पहले इस सीट से नितिन नवीन के करीबी अभिषेक कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया था. उन्होंने नामांकन भी कर दिया था लेकिन 10 जुलाई को अभिषेक कुमार ने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए अचानक अपना नाम वापस ले लिया था.
दतिया सीट पर कैसा है समीकरण?
दतिया विधानसभा सीट पर वोटिंग को लेकर प्रशासन ने पूरी तैयारियां कर ली हैं. मतदान के लिए विधानसभा क्षेत्र में कुल 291 केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 186 मतदान केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों में जबकि 105 मतदान केंद्र शहरी क्षेत्रों में हैं. इस सीट पर कुल 2.20 लाख से अधिक वोटर्स हैं, जिनमें लगभग 1.16 लाख पुरुष और 1.4 लाख महिलाएं हैं.
दतिया सीट पर जहां एक तरफ मुकाबला बीजेपी के आशुतोष तिवारी और कांग्रेस के घनश्याम सिंह के बीच है. विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मंगलवार शाम प्रचार अभियान थम गया. मतदान 30 जुलाई को होगा जबकि मतगणना तीन अगस्त को होगी. पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल ने बताया कि मतदान के मद्देनजर सभी सुरक्षा कंपनियों की तैनाती कर दी गई है और नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है, जहां की जाने वाली हर शिकायत पर तत्काल कार्रवाई होगी.
उन्होंने कहा कि पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रख रही है और मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार राजेंद्र भारती ने राज्य के तत्कालीन गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा को 7,500 से अधिक वोटों से हराया था लेकिन दिल्ली की एक अदालत ने इस साल अप्रैल में धोखाधड़ी के एक मामले में भारती को तीन साल के कारावास की सजा सुनाई थी, जिसके बाद उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त हो गई और दतिया सीट पर उपचुनाव कराना आवश्यक हो गया.
मांजलपुर सीट पर बीजेपी-कांग्रेस के बीच मुकाबला
गुजरात के वडोदरा जिले की मांजलपुर विधानसभा सीट पर भी 30 जुलाई को उपचुनाव होगा. बीजेपी विधायक योगेश पटेल के निधन के बाद ये सीट खाली हो गई थी, जिसकी वजह से इस सीट पर उपचुनाव हो रहा है.
मांजलपुर सीट को पाटीदार बहुल सीट माना जाता है. बीजेपी ने एक पाटीदार नेता को टिकट देकर इस समुदाय को साधने की कोशिश की है. इस फैसले के जरिए बीेजपी ने योगेश पटेल के निधन के बाद भी पाटीदार मतदाताओं का भरोसा बनाए रखने का संकेत दिया है. दूसरी ओर, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी भी बीजेपी के इस गढ़ में सेंध लगाने की रणनीति बना रही हैं. कांग्रेस द्वारा एक अनुभवी नेता को मैदान में उतारने से अब यह मुकाबला काफी दिलचस्प हो गया है.