केंद्रीय मंत्री बंडी संजय कुमार ने तेलंगाना के DGP से आग्रह किया कि वे प्रमुख IT कंपनियों के प्रमुखों, खासकर HR टीमों के साथ तुरंत मीटिंग बुलाएं. उन्होंने यह आग्रह महाराष्ट्र के नासिक में एक IT फर्म के दफ्तर में यौन उत्पीड़न और जबरदस्ती धर्म परिवर्तन के आरोपों के बाद किया गया है.
गृह राज्य मंत्री ने कहा कि नासिक की घटना के बाद, तेलंगाना चुप नहीं रह सकता और न ही ऐसी ही किसी दूसरी घटना का इंतजार कर सकता है.
यह देखते हुए कि हैदराबाद में लाखों IT कर्मचारी हैं, उन्होंने कहा कि काम करने की जगहें करियर बनाने के लिए सुरक्षित होनी चाहिए, न कि जबरदस्ती, उत्पीड़न, धार्मिक भेदभाव, शोषण या दबाव डालने की जगहें.
नासिक कांड की गूंज तेलंगाना तक
'X' पर एक पोस्ट में संजय कुमार ने दावा किया कि कई कर्मचारी पहले से ही सोशल मीडिया पर दफ्तरों से जुड़ी घटनाओं को शेयर कर रहे हैं और उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि वे इन चेतावनी भरे संकेतों को नजरअंदाज न करें.
गृह राज्य मंत्री ने कहा, "मैं तेलंगाना के DGP से आग्रह करता हूं कि वे सभी प्रमुख IT कंपनियों के प्रमुखों, खासकर HR टीमों के साथ तुरंत एक बैठक करें. कड़ी जवाबदेही तय करें. किसी भी शिकायत को दबाया न जाए. किसी भी पीड़ित को अकेला न छोड़ा जाए. कोई भी मैनेजमेंट इन मामलों से आंखें न फेरे."
संजय कुमार ने ने कंपनी प्रमुखों, HR कर्मियों और मैनेजरों से भी आग्रह किया कि वे कर्मचारियों की सुरक्षा और गरिमा को प्राथमिकता दें, खुलकर शिकायत करने को बढ़ावा दे और हर चिंता को गंभीरता और निष्पक्षता के साथ हल करें. उन्होंने आगे कहा कि सरकार की ओर से ऐसे मुद्दों पर लगातार नजर रखी जाएगी.
महाराष्ट्र के मंत्री गिरीश महाजन ने 10 अप्रैल को कहा था कि एक विशेष जांच दल (SIT) नासिक में एक मल्टीनेशनल कंपनी में धर्म परिवर्तन और यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच कर रहा है.
नासिक मामला: क्या हुआ था?
महाराष्ट्र पुलिस ने 8 कर्मचारियों की शिकायतों की जांच के लिए SIT का गठन किया है. इन कर्मचारियों ने आरोप लगाया था कि उनके वरिष्ठ सहकर्मियों ने उनका मानसिक और यौन उत्पीड़न किया, जबकि HR विभाग ने उनकी शिकायतों को नजरअंदाज कर दिया. पुलिस ने अब तक सात लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें कंपनी का HR मैनेजर भी शामिल है.
IT फर्म ने कहा कि वह उत्पीड़न और जबरदस्ती के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति का पालन करती है. फर्म ने इस बात की पुष्टि की कि नासिक स्थित उसके दफ्तर में यौन उत्पीड़न के आरोपों में शामिल कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया गया है.