scorecardresearch
 

पाकिस्तानी एयरस्पेस में घुसी Air India की फ्लाइट, गो-अराउंड के दौरान हुई चूक

दिल्ली से अमृतसर जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI479 का कुछ समय के लिए पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में प्रवेश कर गई. एअर इंडिया ने इसे गो-अराउंड प्रक्रिया के दौरान हुई एयरस्पेस उल्लंघन की घटना बताया है. फ्लाइट को दिल्ली वापस भेजा गया और तकनीकी जांच के बाद दोबारा अमृतसर रवाना किया गया.

Advertisement
X
दिल्ली-अमृतसर एअर इंडिया की फ्लाइट लगभग दो मिनट के लिए पाकिस्तान के एयरस्पेस में दाखिल हुई. (Photo: X/@AirIndia)
दिल्ली-अमृतसर एअर इंडिया की फ्लाइट लगभग दो मिनट के लिए पाकिस्तान के एयरस्पेस में दाखिल हुई. (Photo: X/@AirIndia)

दिल्ली से अमृतसर जा रही एअर इंडिया (AIR INDIA) की एक फ्लाइट 22 जून को उड़ान के दौरान कुछ समय के लिए पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में प्रवेश कर गई. एअर इंडिया की फ्लाइट AI479 ने अमृतसर एयरपोर्ट पर 'गो-अराउंड' प्रक्रिया के दौरान अटारी बॉर्डर पार करते हुए थोड़े समय के लिए पाकिस्तानी एयरस्पेस में प्रवेश किया. फ्लाइट डेटा के मुताबिक विमान करीब दो मिनट से भी कम समय तक पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में रहा. इसके बाद विमान को वापस दिल्ली डायवर्ट कर दिया गया, जो उसका बेस एयरपोर्ट था.

विमान ने अमृतसर एयरपोर्ट के ऊपर कुछ देर चक्कर लगाया, लेकिन भारी ट्रैफिक और ऑपरेशनल कारणों के चलते उसे लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल सकी. इसके बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने विमान को दिल्ली लौटने के निर्देश दिए. एअर इंडिया का यह 'एयरबस A321' विमान रात 9:18 बजे दिल्ली के 'इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट' से रवाना हुआ था और रात 10:30 बजे अमृतसर के 'श्री गुरु राम दास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट' पर उतरने वाला था.

फ्लाइट सुरक्षित रूप से दिल्ली लौट आई, जहां उसका तकनीकी निरीक्षण किया गया. जरूरी मंजूरियां मिलने के बाद विमान ने दोबारा अमृतसर के लिए उड़ान भरी और मंगलवार तड़के करीब 2:20 बजे सुरक्षित रूप से अपने गंतव्य पर पहुंचा. फ्लाइट करीब चार घंटे की देरी से अमृतसर पहुंची. सूत्रों के मुताबिक, विमान को पाकिस्तान एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) की ओर से अलर्ट किया गया था, जिसके बाद वह तुरंत भारतीय हवाई क्षेत्र में वापस आ गया.

Advertisement

Air India

इस मामले पर एअर इंडिया ने बयान जारी करते हुए कहा, '22 जून को दिल्ली से अमृतसर जा रही फ्लाइट AI479 के क्रू ने अमृतसर एयरपोर्ट पर गो-अराउंड प्रक्रिया के दौरान मामूली रूप से पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया. इस घटना की जानकारी नियामक एजेंसियों को दे दी गई है और आंतरिक जांच की जा रही है. एअर इंडिया में यात्रियों और क्रू की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है.'

यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब पिछले साल 22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले और के बाद भारत और पाकिस्तान ने एक-दूसरे के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद कर रखा है. इससे पहले 12 जून को पाकिस्तानी एयरलाइन 'फ्लाई जिन्ना' (Fly Jinnah) की एक फ्लाइट भी कुछ समय के लिए भारतीय हवाई क्षेत्र में प्रवेश कर गई थी. फ्लाइट संख्या 9P514 या FJL514 लाहौर से दुबई जा रही थी. खराब मौसम और प्रतिकूल परिस्थितियों से बचने के लिए विमान ने पंजाब क्षेत्र के ऊपर भारतीय हवाई क्षेत्र में कुछ मिनट के लिए प्रवेश किया था. भारतीय एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने उसे वापस निर्धारित मार्ग पर भेज दिया था.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement