scorecardresearch
 

एक बार चेक-इन, आसान इमिग्रेशन और विदेश यात्रा... छोटे शहरों के लिए एअर इंडिया की अनोखी सर्विस

विदेश यात्रा करने वाले टियर-2 और 3 शहरों के यात्रियों के लिए एअर इंडिया बड़ी सुविधा लेकर आई है. एयरलाइन ने केंद्र सरकार के हब-एंड-स्पोक मॉडल के तहत ईजी कनेक्ट फ्लाइट्स की बुकिंग शुरू कर दी है. इसकी पहली सेवा 25 जून से वाराणसी से शुरू होगी.

Advertisement
X
वाराणसी से शुरू होगी एअर इंडिया की नई ईजी कनेक्ट सेवा, विदेश यात्रा होगी आसान. (File Photo: ITG)
वाराणसी से शुरू होगी एअर इंडिया की नई ईजी कनेक्ट सेवा, विदेश यात्रा होगी आसान. (File Photo: ITG)

एअर इंडिया ने देश के छोटे और मझोले शहरों से अंतरराष्ट्रीय यात्रा को आसान बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. एयरलाइन ने मंगलवार को केंद्र सरकार के 'हब एंड स्पोक मॉडल' के तहत अपनी नई ईजी कनेक्ट फ्लाइट्स की बुकिंग शुरू कर दी. इस नई व्यवस्था के तहत पहली फ्लाइट सेवा 25 जून से वाराणसी से शुरू होगी.

एअर इंडिया ने कहा कि ईजी कनेक्ट का मकसद टियर-2 और 3 शहरों के यात्रियों को बेहतर और आसान अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी देना है. इसमें वाराणसी जैसे 'स्पोक' शहरों को दिल्ली जैसे बड़े 'हब' एयरपोर्ट से जोड़ा जाता है. इसके बाद यात्री एअर इंडिया के ग्लोबल नेटवर्क के जरिए दुनिया के कई देशों तक आसानी से पहुंच सकते हैं.

इस नई सुविधा की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यात्रियों को अपने होम एयरपोर्ट पर ही पूरा चेक-इन करने की सुविधा मिलेगी. यात्री अपना सामान शुरुआती एयरपोर्ट पर जमा करेंगे और वही सामान सीधे उनके अंतिम अंतरराष्ट्रीय गंतव्य तक पहुंचाया जाएगा. दिल्ली जैसे हब एयरपोर्ट पर उन्हें दोबारा चेक-इन कराने की जरूरत नहीं होगी.

एअर इंडिया के मुताबिक, यात्रियों को एक और बड़ी राहत इमिग्रेशन प्रक्रिया में मिलेगी. वो अपने शुरुआती एयरपोर्ट पर ही अंतरराष्ट्रीय इमिग्रेशन की औपचारिकताएं पूरी कर सकेंगे. इससे दिल्ली जैसे बड़े एयरपोर्ट पर लंबी कतारों और अतिरिक्त प्रक्रिया से बचा जा सकेगा. नए मॉडल के तहत ये व्यवस्था यात्रियों को ज्यादा सुगम अनुभव देगी. 

Advertisement

इससे नॉन-मेट्रो शहरों के लोग एक ही हब के जरिए कई अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों से जुड़ सकेंगे. शेड्यूल भी ऐसा कि यात्रियों को कम इंतजार करना पड़े. कनेक्टिंग फ्लाइट आसानी से मिल सके. वाराणसी से दिल्ली के लिए ईजी कनेक्ट फ्लाइट रोजाना AI1111 के रूप में संचालित होगी. दिल्ली पहुंचने के 4 घंटे के अंदर यात्री 17 इंटरनेशनल फ्लाइट ले सकेंगे. 

एअर इंडिया के अनुसार, इनमें लंदन हीथ्रो, फ्रैंकफर्ट, मिलान, रोम, ज्यूरिख, मनीला, सिंगापुर, फुकेत, कुआलालंपुर, रियाद और दुबई जैसे प्रमुख शहर शामिल हैं. भविष्य में दूसरे 'स्पोक' शहरों से शुरू होने वाली ईजी कनेक्ट फ्लाइट को AI11XX सीरीज के नंबर दिए जाएंगे. इससे नेटवर्क की अलग पहचान बनेगी और यात्रियों को पहचानने में आसानी होगी.

'हब एंड स्पोक मॉडल' को सफल बनाने के लिए एयरलाइंस, एयरपोर्ट ऑपरेटर और कई सरकारी एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल जरूरी होता है. कंपनी ने इस परियोजना को लागू करने में सहयोग देने वाले सभी पक्षों का आभार भी जताया. यह पहल भारत के एविएशन सेक्टर को अधिक कुशल, एकीकृत और वैश्विक प्रतिस्पर्धी बनाने में महत्वपूर्ण कदम है.

एयर इंडिया के ग्रुप हेड (गवर्नेंस, रिस्क, कंप्लायंस और कॉर्पोरेट अफेयर्स) पी बालाजी ने कहा कि सरकार और इंडस्ट्री के अन्य स्टेकहोल्डर्स के साथ मिलकर इस मॉडल को और शहरों तक पहुंचाने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं. आने वाले महीनों में ईजी कनेक्ट सर्विस को चरणबद्ध तरीके से देश के कई अन्य शहरों तक बढ़ाया जाएगा. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement