ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई के अंतिम विदाई कार्यक्रम के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को न्योता दिया. वहीं, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस बार अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा में CAPF की 670 कंपनियों की तैनाती को मंज़ूरी दी. इन खबरों के अलावा, आईसीसी की ताज़ा टेस्ट गेंदबाज़ी रैंकिंग में न्यूज़ीलैंड के मैट हेनरी ने छह स्थान की छलांग लगाकर बड़ा मुकाम हासिल किया है. पढ़ें बुधवार शाम की बड़ी खबरें.
खामेनेई के अंतिम विदाई कार्यक्रम का PM मोदी को न्योता, ईरानी राष्ट्रपति ने भेजा संदेश
ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने PM मोदी को ईरान आने का न्योता दिया है. यह आमंत्रण ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली ख़ामेनेई के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए है. ये कार्यक्रम 4 जुलाई से शुरू होकर 9 जुलाई को मशहद में खामेनेई को दफ़न किए जाने के साथ खत्म होंगे. खामेनेई की मौत 28 फरवरी को अमेरिका-इजरायल अटैक में हुई थी.
अमरनाथ यात्रा के लिए सुपर सुरक्षा कवच, CCTV-ड्रोन और CRPF की 670 कंपनियां तैनात
अमरनाथ यात्रा 2026 की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है. यात्रा की सुरक्षा के लिए केंद्र सरकार ने CAPF की 670 कंपनियों की तैनाती को मंज़ूरी दी है. अर्धसैनिक बल और स्थानीय पुलिस भी सुरक्षा में तैनात रहेंगे. लखनपुर से पवित्र गुफा तक सुरक्षा कड़ी की जाएगी. अब तक 3.5 लाख से अधिक श्रद्धालु यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं.
36 साल का इंतजार खत्म! इस कीवी गेंदबाज ने रचा इतिहास... बुमराह के साथ बने नंबर-1
आईसीसी की ताज़ा टेस्ट गेंदबाज़ी रैंकिंग में न्यूज़ीलैंड के मैट हेनरी ने छह स्थान की छलांग लगाकर बड़ा मुकाम हासिल किया है. इंग्लैंड के ख़िलाफ़ दूसरे टेस्ट में 11 विकेट लेने के बाद हेनरी 870 रेटिंग अंकों के साथ भारत के जसप्रीत बुमराह के बराबर संयुक्त नंबर-1 टेस्ट गेंदबाज़ बन गए हैं. ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क तीसरे स्थान पर हैं.
ICAI CA इंटरमीडिएट का रिजल्ट जारी, शार्दुल शेखर बने टॉपर, आए 88.50% मार्क्स
ICAI ने CA इंटरमीडिएट मई 2026 परीक्षा के नतीजे घोषित कर दिए हैं. उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर अपना स्कोरकार्ड देख सकते हैं. शार्दुल शेखर 531 अंक के साथ ऑल इंडिया टॉपर बने हैं. वहीं, कोच्चि के अभिनव सतीश दूसरे और मुंबई के तीर्थ जैन तीसरे स्थान पर रहे. CA इंटरमीडिएट परीक्षा में तीनों ने शानदार प्रदर्शन किया.
दिल्ली के 44 फ्लाईओवरों का होगा स्ट्रक्चरल ऑडिट, पहली बार मिट्टी और नींव की भी होगी जांच
दिल्ली सरकार ने 15 वर्ष से अधिक पुराने 44 फ़्लाईओवरों का व्यापक स्ट्रक्चरल ऑडिट कराने का फ़ैसला किया है. पहली बार फ़्लाईओवरों की संरचना के साथ उनकी नींव, मिट्टी और चट्टानों की गुणवत्ता की भी वैज्ञानिक जांच होगी. बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए यह कदम सुरक्षा सुनिश्चित करने और संभावित ख़तरों की समय रहते पहचान के लिए उठाया गया है.
चार की मौत, 18 अभी भी मलबे में दबे... कोलकाता हादसे में बचाए गए 21 लोग
कोलकाता के तारातला इलाके में निर्माणाधीन फ़ैक्ट्री शेड गिरने से बड़ा हादसा हो गया. दुर्घटना में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. अब तक 21 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है, लेकिन कई लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है. घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है.
ICC वनडे रैंकिंग में शुभमन गिल की बड़ी छलांग, विराट कोहली को पछाड़कर बने नंबर-2
आईसीसी की ताज़ा वनडे बल्लेबाज़ी रैंकिंग में भारतीय कप्तान शुभमन गिल दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं. उन्होंने विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया, जो अब तीसरे स्थान पर हैं, जबकि रोहित शर्मा चौथे नंबर पर बने हुए हैं. अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ वनडे सीरीज़ में शानदार प्रदर्शन, ख़ासकर 154 रन की पारी, का शुभमन गिल को रैंकिंग में बड़ा फ़ायदा मिला.
32 साल पुराना यमुना जल विवाद सुलझा, हरियाणा-राजस्थान के बीच होगा ऐतिहासिक MoU
हरियाणा और राजस्थान के बीच 32 वर्षों से लंबित यमुना जल बंटवारे का विवाद सुलझ गया है. दोनों राज्यों ने 1994 के यमुना जल समझौते को लागू करने पर सहमति जताई है. इस ऐतिहासिक फ़ैसले को औपचारिक रूप देने के लिए MoU पर हस्ताक्षर होंगे. इसके अब हथिनिकुंड बैराज से राजस्थान तक पाइपलाइन के ज़रिए पानी पहुंचाने का रास्ता साफ़ हो गया है.
बैंक ऑफ इंडिया को 100Cr रुपये देगा नीरव मोदी, UK की कोर्ट का आदेश!
नीरव मोदी को ब्रिटेन में एक और कानूनी झटका लगा है. लंदन की अदालत ने बैंक ऑफ़ इंडिया के पक्ष में फ़ैसला सुनाते हुए नीरव मोदी को 100 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान करने का आदेश दिया है. मामला दुबई स्थित फायरस्टार डायमंड FZE को दिए गए कर्ज से जुड़ा है. कोर्ट ने माना कि कर्ज न चुकाने पर नीरव मोदी व्यक्तिगत रूप से ज़िम्मेदार हैं.
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में सीजफायर के बाद भी खाड़ी में तैनात रहेगी भारतीय नौसेना
ईरान अमेरिका सीजफायर के बावजूद भारतीय नौसेना ने खाड़ी क्षेत्र में अपनी तैनाती कम नहीं करेगी. नौसेना अपने पूर्व संघर्ष स्तर पर ही युद्धपोतों, हेलिकॉप्टरों और मार्कोस कमांडो की तैनाती बनाए रखेगी. इसका मुख्य उद्देश्य भारतीय व्यापारिक जहाजों की सुरक्षा, तेल और एलपीजी कैरियर्स का सुरक्षित परिवहन तथा समुद्री मार्गों की निगरानी करना है.