केंद्र सरकार ने देश में F1 की वापसी की दिशा में बड़ा कदम उठाया है और 2028 तक इंडियन ग्रां प्री आयोजित कराने का लक्ष्य तय किया है. भारत और अफ़गानिस्तान के बीच शनिवार को वनडे सीरीज के तीसरे मुकाबले में पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने अपनी शानदार फील्डिंग से सुर्खियां बटोरीं. पश्चिम बंगाल के मालदा में भारत-बांग्लादेश बॉर्डर पर, खासकर सुखदेवपुर सीमा इलाके में तनाव पैदा हो गया है. बताया जा रहा है कि बिना बाड़ वाले हिस्से का फायदा उठाकर कई बांग्लादेशी नागरिक भारतीय सीमा के अंदर घुस आए. पढ़ें बड़ी खबरें...
1. भारत में फिर लौटेगा F1 का रोमांच! खेल मंत्रालय ने बनाया खास रोडमैप
केंद्र सरकार ने देश में F1 की वापसी की दिशा में बड़ा कदम उठाया है और 2028 तक इंडियन ग्रां प्री आयोजित कराने का लक्ष्य तय किया है. खेल मंत्रालय जल्द ही एक विशेष टास्क फोर्स का गठन करेगा, जो भारत में मोटरस्पोर्ट्स की मौजूदा स्थिति और चुनौतियों का अध्ययन करेगी. इस समिति की रिपोर्ट के आधार पर भारत में F1 की वापसी का रोडमैप तैयार होगा.
2. 39 की उम्र में भी गजब की फुर्ती! रोहित शर्मा का धमाल, स्लिप में लपके लगातार 3 कैच
भारत और अफ़गानिस्तान के बीच शनिवार को वनडे सीरीज के तीसरे मुकाबले में पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने अपनी शानदार फील्डिंग से सुर्खियां बटोरीं. इस मुकाबले में 39 वर्षीय रोहित ने स्लिप रीजन में लगातार तीन बेहतरीन कैच पकड़े. ख़ास बात यह रही कि रोहित शर्मा ने जो तीनों कैच पकड़े, वे सभी तेज़ गेंदबाज़ प्रसिद्ध कृष्णा की गेंदों पर आए.
3. पश्चिम बंगाल: घुसपैठियों की वापसी को लेकर भारत-बांग्लादेश सीमा पर तनाव, हाई अलर्ट जारी
पश्चिम बंगाल के मालदा में भारत-बांग्लादेश बॉर्डर पर, खासकर सुखदेवपुर सीमा इलाके में तनाव पैदा हो गया है. बताया जा रहा है कि बिना बाड़ वाले हिस्से का फायदा उठाकर कई बांग्लादेशी नागरिक भारतीय सीमा के अंदर घुस आए. BSF ने इन बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत लेकर बांग्लादेश भेजने की कोशिश की. हालांकि, BGB ने उन्हें रोक दिया. इससे तनाव पैदा हो गया है.
4. 'पाकिस्तान में प्रेस फ्रीडम की कमी से अटका ईरान समझौते का MoU', अमेरिकी उपराष्ट्रपति का खुलासा
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि ईरान के साथ हुए इस समझौते के विवरण को जारी करने में हुई देरी के पीछे एक वजह पाकिस्तान में प्रेस की आज़ादी का स्तर भी था. वेंस ने कहा इस देरी की एक वजह यह है कि पाकिस्तानी और कतर की व्यवस्थाओं में अमेरिकी संविधान के पहले संशोधन जैसी व्यवस्था और प्रेस की आज़ादी नहीं है.'
5. 'मेरे बिना इजरायल का अस्तित्व नहीं होता', ट्रंप का दावा- नेतन्याहू वही करते हैं जो मैं कहता हूं
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इज़रायली PM बेंजामिन नेतन्याहू के साथ अपने संबंधों को लेकर फिर बयान दिया है. ट्रंप ने कहा कि नेतन्याहू और उनके बीच मज़बूत संबंध हैं, लेकिन उन्होंने यह भी संकेत दिया कि कई बार उन्हें नेतन्याहू को थोड़ा संतुलित रखना पड़ता है. ट्रंप ने दावा किया कि वह इज़रायल को बड़े सैन्य कदम उठाने से रोक सकते हैं.
6. इजरायल-ईरान तनाव के बीच अचानक तेहरान पहुंचे PAK गृह मंत्री, सामने आई दौरे की ये वजह
लेबनान पर इज़रायल के हमले लगातार जारी हैं, जहां शनिवार को भी एक हमले में कई लोगों की जान चली गई. इसी बीच पाकिस्तान के गृह मंत्री बिना किसी पूर्व घोषणा के अचानक ईरान पहुंच गए. उनकी यह यात्रा ऐसे समय में हुई है, जब वाशिंगटन और तेहरान ने शांति बहाल करने के मकसद से एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं.
7. 159 करोड़ की 23 संपत्तियां नीलाम, हीरा ग्रुप पर ED का बड़ा एक्शन
प्रवर्तन निदेशालय ने मनी लॉन्ड्रिंग के एक बड़े मामले में हीरा ग्रुप की 159 करोड़ रुपये की 23 संपत्तियों की नीलामी की है. सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद ईडी ने यह एक्शन लिया है. ईडी का कहना है कि हीरा ग्रुप ने देश भर के निवेशकों से सालाना 36% से ज्यादा का रिटर्न देने का वादा करके 5,978 करोड़ रुपये से अधिक की रकम जमा की थी.
8. लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए बनेगा 'प्रजासेवा विभाग', कर्नाटक सरकार का फैसला
कर्नाटक सरकार ने जनता की शिकायतों को दूर करने के लिए एक अलग मंत्रालय बनाने का फैसला किया है, जिसकी जानकारी मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने दी है. इस विभाग की जिम्मेदारी एक खास मंत्री को सौंपी जाएगी. इस पहल को 'प्रजासेवा विभाग' नाम दिया जाएगा. इस विभाग के प्रमुख के रूप में एक आईएएस अधिकारी को नियुक्त किया जाएगा.