scorecardresearch
 

ठाणे: तीसरी मंजिल पर लटकी मिली बकरी, युवकों ने जान पर खेलकर किया रेस्क्यू

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मुंब्रा स्थित अलमास कॉलोनी में तीसरी मंजिल से खतरनाक तरीके से लटक रही एक बकरी को स्थानीय युवकों ने सुरक्षित बचा लिया. जिसका वीडियो वायरल हो रहा है.

Advertisement
X
थर्ड फ्लोर पर अचानक पहुंच गई बकरी. (File Photo: ITG)
थर्ड फ्लोर पर अचानक पहुंच गई बकरी. (File Photo: ITG)

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मुंब्रा इलाके से इंसानियत और बहादुरी की मिसाल पेश करने वाला एक मामला सामने आया है. यहां एक रिहायशी इमारत की तीसरी मंजिल से खतरनाक तरीके से लटक रही बकरी को स्थानीय युवकों ने अपनी सूझबूझ और साहस से सुरक्षित बचा लिया. इस पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग युवकों की जमकर तारीफ कर रहे हैं. इस बात की जानकारी एक अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को दी.

अधिकारी के मुताबिक यह घटना मुंब्रा के औसा इलाके स्थित अलमास कॉलोनी की है. रविवार को स्थानीय लोगों ने देखा कि एक बकरी इमारत की तीसरी मंजिल के बाहरी हिस्से में फंस गई है और नीचे की ओर खतरनाक तरीके से लटक रही है. बकरी की हालत देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था, क्योंकि बकरी का संतुलन बिगड़ने पर वह नीचे गिर सकती थी.

ऐसे किया गया रेस्क्यू
घटना की सूचना मिलते ही इलाके के कई युवक मौके पर पहुंचे और बकरी को बचाने की कोशिश शुरू कर दी. वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ युवक रस्सियों का सहारा लेकर इमारत के किनारे तक पहुंचे. इस दौरान उन्होंने बेहद सावधानी बरती ताकि बकरी डरकर नीचे न गिर जाए. काफी देर की मशक्कत के बाद युवकों ने बकरी को सुरक्षित पकड़ लिया और धीरे-धीरे ऊपर खींचकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया.

Advertisement

रेस्क्यू के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे. लोग नीचे खड़े होकर युवकों का हौसला बढ़ा रहे थे. जैसे ही बकरी को सुरक्षित बाहर निकाला गया, वहां मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर युवकों की सराहना की. स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते मदद नहीं पहुंचती तो बड़ा हादसा हो सकता था.

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है वीडियो
स्थानीय अधिकारियों ने भी घटना की पुष्टि की है. हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि बकरी आखिर तीसरी मंजिल के बाहरी हिस्से तक कैसे पहुंची और वहां कैसे फंस गई. राहत की बात यह रही कि रेस्क्यू के बाद बकरी पूरी तरह सुरक्षित मिली और उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई.

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो को लोग काफी पसंद कर रहे हैं. कई यूजर्स युवकों की बहादुरी और मानवता की प्रशंसा कर रहे हैं. कुछ लोगों ने इसे “जानवरों के प्रति संवेदनशीलता” का बेहतरीन उदाहरण बताया है. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement