scorecardresearch
 

TCS केस: प्रेग्नेंट निकली निदा खान, वकील बोला-फरार नहीं, मुंबई में परिवार के साथ 

टीसीएस बीपीओ मामले में आरोपी निदा खान को लेकर नया खुलासा हुआ है. उनके वकील के अनुसार वह फरार नहीं हैं, बल्कि मुंबई में परिवार के साथ रह रही हैं और प्रेग्नेंट है. निदा ने अग्रिम जमानत के लिए अदालत में अर्जी दी है. मामले में पहले से नौ एफआईआर दर्ज हैं और पुलिस जांच जारी है, जिसमें यौन उत्पीड़न और धर्मांतरण के आरोपों की पड़ताल हो रही है.

Advertisement
X
टीसीएस की एचआर हेड निदा खान के वकील का दावा है कि निदा प्रेग्नेंट है (Photo: ITG)
टीसीएस की एचआर हेड निदा खान के वकील का दावा है कि निदा प्रेग्नेंट है (Photo: ITG)

TCS बीपीओ केस में निदा खान को लेकर एक नया अपडेट सामने आया है. उनके वकील ने कहा है कि निदा खान प्रेग्नेंट है. वह फरार नहीं हैं, बल्कि मुंबई में अपने परिवार के साथ रह रही हैं. वकील के अनुसार, निदा खान ने कोर्ट में अग्रिम जमानत (Anticipatory Bail) की अर्जी दाखिल की है. निदा खान की तलाश महाराष्ट्र पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) को है. निदा से पूछताछ के लिए उसकी खोज की जा रही है.

नासिक के टीसीएस बीपीओ ऑफिस के अंदर धर्म परिवर्तन और यौन उत्पीड़न के मामले को लेकर कुल नौ एफआईआर दर्ज की गई हैं. इन एफआईआर में पहली रिपोर्ट से ही निदा खान का नाम आरोपी के रूप में शामिल है. आरोपों के मुताबिक, वह उन लोगों के साथ थीं, जिन पर हिंदू महिला और पुरुष कर्मचारियों को निशाना बनाने के आरोप लगाए गए हैं. पुलिस के अनुसार, इन मामलों में यौन उत्पीड़न, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और जबरन धर्मांतरण के प्रयास जैसे आरोप शामिल हैं.

आरोपों में क्या कहा गया

एफआईआर में दर्ज शिकायतों के अनुसार, कुछ कर्मचारियों पर यह आरोप है कि उन्होंने ऑफिस में अन्य कर्मचारियों पर मानसिक दबाव बनाया. कुछ शिकायतों में यह भी कहा गया है कि कर्मचारियों को धार्मिक तौर-तरीकों को अपनाने के लिए कहा गया. इसमें नमाज पढ़ने, खान-पान से जुड़ी आदतों में बदलाव और अन्य धार्मिक प्रथाओं को अपनाने का जिक्र किया गया है. हालांकि, इन आरोपों की जांच अभी जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने कथित तौर पर एक समूह बनाकर काम किया. पुलिस के अनुसार, इन लोगों ने कुछ कर्मचारियों को निशाना बनाया और उनके साथ अलग-अलग तरह का व्यवहार किया. यह भी कहा गया है कि एक व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए कर्मचारियों को चिन्हित किया जाता था और उनके बारे में चर्चा की जाती थी. हालांकि, पुलिस का कहना है कि इन सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है और सबूतों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Advertisement

अब तक कितनी गिरफ्तारियां

इस मामले में अब तक पुलिस सात कर्मचारियों को गिरफ्तार कर चुकी है. इनमें छह पुरुष और एक महिला ऑपरेशंस मैनेजर शामिल हैं. जांच एजेंसियों के अनुसार, इन सभी पर महिला कर्मचारियों के साथ यौन उत्पीड़न, धार्मिक दबाव और अन्य आरोप लगाए गए हैं. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.

निदा खान को लेकर स्थिति

निदा खान को लेकर पहले यह कहा जा रहा था कि वह फरार हैं और पुलिस उन्हें तलाश रही है. अब उनके वकील ने कहा है कि वह मुंबई में हैं और अपने परिवार के साथ रह रही हैं. उन्होंने यह भी कहा है कि निदा खान गर्भवती हैं. वकील के अनुसार, निदा खान ने कानूनी प्रक्रिया के तहत अग्रिम जमानत की अर्जी दी है और वह जांच में सहयोग करने के लिए तैयार हैं.

पुलिस की जांच जारी

महाराष्ट्र पुलिस की एसआईटी इस पूरे मामले की जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि सभी शिकायतों की जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी. जांच एजेंसियां यह भी देख रही हैं कि क्या आरोपियों के बीच कोई आपसी समन्वय था और क्या उन्होंने मिलकर कोई गतिविधि की.

Advertisement

कंपनी ने भूमिका को लेकर दी सफाई

इस मामले में शुरुआत से ही निदा खान की भूमिका को लेकर अलग-अलग तरह की बातें सामने आती रही हैं. कुछ शुरुआती रिपोर्ट्स में उन्हें एचआर हेड बताया गया था, लेकिन कंपनी सूत्रों ने इसे खारिज किया है. सूत्रों के अनुसार, निदा खान टीसीएस में एचआर विभाग में नहीं थीं, बल्कि वह नासिक स्थित बीपीओ यूनिट में टेलीकॉलर के रूप में कार्यरत थीं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement