घूमने गए थे. बीच पर मस्ती कर रहे थे. फिर चारों दोस्तों ने सोचा कि थोड़ा समंदर में भी उतरते हैं. लेकिन कुछ ही मिनटों में सब कुछ बदल गया. तेज लहरों ने चारों को अपनी तरफ खींच लिया. दो लड़के किसी तरह बच गए, लेकिन बाकी दो समंदर में लापता हो गए. अगले दिन एक का शव मिला, जबकि दूसरे की तलाश अब भी जारी है.
एजेंसी के अनुसार, यह हादसा महाराष्ट्र के पालघर जिले के मशहूर अर्नाला बीच का है. गुरुवार की दोपहर मुंबई से सटे विरार इलाके में चार नाबालिग दोस्त समुद्र में नहाने के लिए उतरे थे. शुरुआत में सब ठीक था, लेकिन अचानक समुद्र की तेज धाराओं में फंस गए और पानी में चले गए.
यह भी पढ़ें: सूरत में 15 महीने की मासूम की दर्दनाक मौत, बिना अनुमति खोदे गड्ढे में भरे पानी में डूबने से गई जान
इस दौरान बीच पर मौजूद लाइफगार्ड ने हालात बिगड़ते देख तुरंत रेस्क्यू शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद दो किशोरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन बाकी दो लड़के लहरों में ओझल हो चुके थे. इसके बाद सर्च ऑपरेशन शुरू हुआ. शुक्रवार सुबह खोज अभियान के दौरान 17 वर्षीय अयान जाकिर हुसैन का शव बरामद कर लिया गया. वहीं, उसका 17 साल का दोस्त अब भी लापता है. उसकी तलाश जारी है.
पालघर आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख विवेकानंद कदम के मुताबिक, राजस्व विभाग, पुलिस और स्थानीय लाइफगार्ड की टीमें मिलकर सर्च ऑपरेशन चला रही हैं. लेकिन ऊंची ज्वार, तेज लहरें और खराब मौसम राहत कार्य में सबसे बड़ी चुनौती बने हुए हैं. अधिकारियों का कहना है कि जैसे ही समुद्र की स्थिति नॉर्मल होगी, खोज अभियान और तेज किया जाएगा.
बारिश के मौसम में क्यों बढ़ जाता है खतरा?
मानसून के दौरान समुद्र की धाराएं अचानक तेज हो जाती हैं. कई बार किनारे के पास पानी शांत दिखाई देता है, लेकिन कुछ ही दूरी पर तेज धार गहरे पानी में खींच लेती है. यही वजह है कि प्रशासन बार-बार खराब मौसम में समुद्र में न उतरने की सलाह देता है.