देश भर में Essential Commodities Act लागू होने के बाद प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है. महाराष्ट्र के नागपुर में LPG की संभावित किल्लत को देखते हुए फूड एंड ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है. FDA के अधिकारी शहर के अलग-अलग इलाकों में होटल, रेस्टोरेंट और LPG गोदामों में लगातार जांच कर रहे हैं. अधिकारियों की कोशिश है कि कहीं LPG सिलेंडरों की कालाबाजारी तो नहीं की जा रही है.
प्रशासन को आशंका है कि कमी की स्थिति में कुछ लोग सिलेंडरों का अवैध भंडारण कर सकते हैं या ऊंचे दामों पर बेचने की कोशिश कर सकते हैं. इसी को रोकने के लिए यह कार्रवाई की जा रही है. FDA की टीम जगह-जगह जाकर स्टॉक की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नियमों का पालन किया जा रहा है या नहीं.
FDA की टीम होटल, रेस्टोरेंट और गोदामों में कर रही जांच
इधर नागपुर पुलिस भी इस मामले में सक्रिय हो गई है. पुलिस की ओर से शहर के सभी थानों को निर्देश दिया गया है कि LPG या किसी भी प्रकार की कालाबाजारी से जुड़ी शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाए. पुलिस कमिश्नर रविंद्र सिंगल ने कहा है कि Essential Commodities Act के तहत ऐसे मामलों में FIR दर्ज की जाएगी. उन्होंने बताया कि यह FIR cognisable होती है, इसलिए इन मामलों में गिरफ्तारी भी संभव है.
LPG सिलेंडरों की कालाबाजारी रोकने के लिए सर्च ऑपरेशन
उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान हालात को देखते हुए पुलिस पूरी तरह सतर्क है. यदि जरूरत पड़ी तो LPG सिलेंडर से लदे ट्रकों को सुरक्षा भी दी जाएगी ताकि आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित न हो. प्रशासन की कोशिश है कि शहर में LPG की सप्लाई सामान्य बनी रहे और किसी भी तरह की कालाबाजारी या अवैध गतिविधि को तुरंत रोका जा सके.