scorecardresearch
 

गर्लफ्रेंड को खुश करना था, लेकिन महंगे बर्थडे गिफ्ट के लिए पैसे नहीं थे... नाबालिग ने शोरूम में लगा दी सेंध

गर्लफ्रेंड का बर्थडे था और उसे महंगा गिफ्ट देना था. लेकिन जेब में इतने पैसे नहीं थे. ऐसे में एक नाबालिग ने ऐसा रास्ता चुना, जिसने उसे सीधे बाल सुधार गृह पहुंचा दिया. नागपुर में नाबालिग ने अपने दोस्त के साथ मिलकर कपड़ों के शोरूम में चोरी कर डाली. करीब एक लाख रुपये का सामान लेकर दोनों फरार हो गए.

Advertisement
X
पुलिस ने चोरी का सामान किया बरामद. (Photo: Representational)
पुलिस ने चोरी का सामान किया बरामद. (Photo: Representational)

इश्क में लोग क्या-क्या नहीं करते. कोई शायरी लिखता है, कोई रातभर जागकर सरप्राइज प्लान करता है. लेकिन नागपुर के एक नाबालिग ने गर्लफ्रेंड को महंगा बर्थडे गिफ्ट देने के लिए ऐसा रास्ता चुना, जो सीधे पुलिस थाने तक पहुंच गया. जेब में पैसे कम थे, लेकिन गिफ्ट बड़ा देना था. बस फिर क्या था, दोस्त के साथ मिलकर कपड़ों के एक शोरूम को ही निशाना बना डाला. मगर दुकान में लगे सीसीटीवी ने पूरी 'लव स्टोरी' को क्राइम स्टोरी बना दिया.

यह कहानी महाराष्ट्र के नागपुर की है. अंबाझरी थाना पुलिस के मुताबिक, जरीपटका इलाके के रहने वाले दो नाबालिगों ने रवि नगर स्थित कपड़ों के शोरूम में चोरी की वारदात को अंजाम दिया. पूछताछ में सामने आया कि इनमें से एक नाबालिग अपनी गर्लफ्रेंड के बर्थडे पर उसे महंगा गिफ्ट देना चाहता था. लेकिन जेब में उतने पैसे नहीं थे.

पुलिस के मुताबिक, महंगा गिफ्ट खरीदने के लिए नाबालिग ने अपने दोस्त के साथ चोरी की प्लानिंग की. दोनों ने रवि नगर के कपड़ों के शोरूम को निशाना बनाया. मौका मिलते ही वहां से करीब एक लाख रुपये का सामान लेकर फरार हो गए. दोनों को लगा कि प्लान सफल हो गया है. लेकिन जिस शोरूम को उन्होंने निशाना बनाया था, वहां सीसीटीवी लगे थे.

यह भी पढ़ें: इंदिरापुरम: गर्लफ्रेंड के महंगे शौक पूरा करने के लिए बना लुटेरा, पिज्जा दुकान से लूटे 35 हजार

Advertisement

दुकान मालिक को जब चोरी का पता चला तो पुलिस को सूचना दी गई. जांच शुरू हुई और CCTV फुटेज खंगाले गए. फुटेज में दोनों नाबालिग साफ दिखाई दे रहे थे. उसी के आधार पर तलाश शुरू हुई. इसी दौरान पुलिस को एक और सूचना मिली. पुलिस को खबर मिली कि मुख्य आरोपी अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने तेलंगखेड़ी गार्डन आने वाला है.

सूचना मिलते ही पुलिस ने गार्डन के आसपास जाल बिछा दिया. जैसे ही दोनों वहां पहुंचे, पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया. पूछताछ शुरू हुई तो दोनों ज्यादा देर तक कहानी नहीं छिपा पाए. पुलिस का कहना है कि दोनों नाबालिगों ने चोरी की बात स्वीकार कर ली. सब इंस्पेक्टर आर पटकोंडे ने कहा कि आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया सामान भी बरामद कर लिया गया. फिलहाल दोनों को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है और मामले की आगे जांच जारी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement