कर्नाटक के बागी विधायक अब न तो पुणे जाएंगे और न ही गोवा. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सभी विधायक मुंबई में अज्ञात स्थान पर ठहरेंगे. बता दें, बीते दिनों कांग्रेस और जेडीएस के विधायकों ने पद और पार्टी से इस्तीफा दिया था. इसके बाद सभी विधायक मुंबई के सोफिटेल होटल में ठहरे हुए थे. इस बीच खबर आई थी कि आज सभी विधायक गोवा जाएंगे, लेकिन ऐन वक्त पर इस प्लान को कैंसिल कर दिया गया है.
कर्नाटक में संकट में घिरी जेडीएस और कांग्रेस की गठबंधन सरकार की हालत सोमवार को तब और ज्यादा खराब हो गई, जब निर्दलीय विधायक और लघु उद्योग मंत्री एच. नागेश और केपीजेपी के एकमात्र विधायक और सरकार में मंत्री आर. शंकर ने मंत्री पद से इस्तीफा देकर 13 महीने पुरानी गठबंधन सरकार से अपना समर्थन वापस ले लिया.
Congress MLAs who are staying in Mumbai had planned to shift to Pune, later changing it to Goa. But they are now staying back at an undisclosed location in Mumbai. #Karnataka pic.twitter.com/tqEOgtCgJp
— ANI (@ANI) July 9, 2019
उधर सरकार बचाने के लिए जेडीएस और कांग्रेस ने बागियों को मंत्री पद की पेशकश की है जिसे कथित तौर पर उन्होंने ठुकरा दिया है. अब सभी नजरें विधानसभा अध्यक्ष केआर रमेश पर टिकी हैं. वह मंगलवार को कांग्रेस के 10 और जेडीएस के तीन विधायकों के इस्तीफे पर फैसला लेंगे.
इस बीच कांग्रेस नेता सिद्धारमैया ने मंगलवार को विधायकों की बैठक बुलाई है. बैठक में बागी विधायकों को भी शामिल होने के लिए कहा गया है. इसके लिए व्हिप जारी किया गया है. उधर जेडीएस ने भी सोमवार को अपने विधायकों की बैठक बुलाई है. सूत्रों ने कहा कि मुंबई के एक होटल में ठहरे कांग्रेस विधायकों ने मंत्री पद की पेशकश ठुकरा दी है. उनका कहना है कि अब काफी देर हो चुकी है और वे बीजेपी में शामिल होंगे.
राज्य में राजनीतिक संकट के मद्देनजर अमेरिका दौरा बीच में छोड़कर स्वदेश लौटे जेडीएस और कांग्रेस गठबंधन सरकार के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने सभी मंत्रियों के इस्तीफे करवाकर सरकार बचाने का आखिरी दांव चला है. उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि सरकार को कोई खतरा नहीं है और संकट का हल निकाल लिया जाएगा.