मैं उसी फ्लाइट में था जिसमें सीजेपी के फाउंडर अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका मुंबई से दिल्ली आ रहे थे. हम मुंबई से दिल्ली के आ रहे AI 2428 फ़्लाइट में थे. शुक्रवार से ही मीडिया में इस बात को लेकर उत्सुकता थी कि CJP के मुख्य नेता दिल्ली कब और कैसे पहुंचेंगे.
दिपके मध्य मुंबई के वर्ली स्थित फोर सीजन्स होटल से सुबह करीब 6.50 बजे मुंबई हवाई अड्डे के लिए रवाना हुए. हवाई अड्डे पर दिपके ने कहा कि दिल्ली में कई ट्रेनों को रद्द करने सहित अभूतपूर्व बंद के बीच सरकार "डरी हुई" है.
मुंबई में बोर्डिंग गेट पर सबसे पहले दिपके पहुंचे. उन्होंने रांका और दास के आने का इंतज़ार किया. दिपके टेंशन में थे कि उनकी वजह से कहीं फ्लाइट न छूट जाए.
तीनों ही इस बात का अनुमान लगा रहे थे कि आगे क्या होगा. फ़्लाइट की ओर जाते समय बस में दिपके का इंटरव्यू लिया जा रहा था. यह एक लंबा सफ़र था क्योंकि हमें T2 से T1 ले जाया जा रहा था. दिपके ने अपने इंटरव्यू में कहा कि सरकार डरी हुई है और CEC ज्ञानेश कुमार को बचाने की कोशिश कर रही है, इसलिए ये गिरफ्तारियां हो रही हैं. उन्होंने कहा, "आप पूरी दिल्ली बंद कर सकते हैं, लेकिन हम आएंगे."
फ़्लाइट में दिपके और उनके साथी इकॉनमी क्लास की पहली लाइन में बैठे थे. जैसे ही फ़्लाइट लैंड हुई, मैं उनकी सीट के पास गया. उन्हें नहीं पता था कि आगे क्या होने वाला है. दिपके ने मुझसे कहा, "सबको अंदर कर दिया। हमें भी अंदर कर देंगे."
जैसे ही मैं अपनी सीट पर वापस गया, केबिन क्रू ने यात्रियों से अपनी सीट पर बैठने के लिए कहा. कुछ देर बाद पुलिस की एक टीम फ़्लाइट में आई. उनकी अगुवाई महिला पुलिसकर्मी कर रही थीं. जैसे ही दिपके ने उन्हें देखा, उन्होंने लाइव वीडियो शुरू कर दिया.
पहले रांका, फिर दास और उसके बाद खिड़की के पास बैठे दिपके को हिरासत में ले लिया गया. उन्होंने 'भारत माता की जय' के नारे लगाए. CJP को लेकर यात्रियों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं थीं. कुछ उनके समर्थन में थे, तो कुछ उनके ख़िलाफ़. ये यात्री दिपके को कवर करने वाले मीडिया से नाराज़ थे और कह रहे थे कि तुम्हें तो पैसे देकर बुलाया गया होगा.. एक बुज़ुर्ग व्यक्ति ने कहा कि अगर दिपके को उनके माता-पिता ने दो चांटे मारे होते, तो बात यहां तक नहीं पहुंचती.
हम गिरफ़्तार होने के लिए ही यहां आए हैं
अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को हिरासत में लिए जाने के बाद कॉकरोच जनता पार्टी ने बयान जारी किया.
इस वीडियो में दिपके को विमान में आए पुलिस अधिकारियों से यह कहते हुए सुना जा सकता है कि, "हम गिरफ़्तार होने के लिए ही यहां आए हैं, आइए और हमें गिरफ़्तार कर लीजिए."
हिरासत में लेने से पहले पुलिसकर्मियों ने CJP नेताओं को बताया कि उन्हें जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं है. दिपके ने कहा कि CJP नेताओं को ऐसे हिरासत में लिया जा रहा है जैसे वे अपराधी हों.
CJP ने इस कथित हिरासत की निंदा की और दावा किया कि यह उसके नेताओं को प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन स्थल तक पहुंचने से रोकने के लिए पहले से सोची-समझी चाल का हिस्सा था.
CJP ने इस कार्रवाई को आवाजाही की आज़ादी का उल्लंघन बताया और तीनों नेताओं की तुरंत और बिना शर्त रिहाई की मांग की.