scorecardresearch
 

आंबेडकर जयंती के जश्न में खूनी खेल, DJ डांस के दौरान विवाद, चाकू मारकर युवक की हत्या

चंद्रपुर में डॉ. आंबेडकर जयंती के दौरान DJ पर डांस के बीच हुए विवाद में चाकू से हमला कर एक युवक की हत्या कर दी गई और दूसरा घायल हो गया. पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है जबकि एक फरार है. कुल पांच आरोपियों की पहचान हुई है और जांच जारी है.

Advertisement
X
युवक की चाकू घोंपकर हत्या (File Photo: Vikas Rajurkar/ITG)
युवक की चाकू घोंपकर हत्या (File Photo: Vikas Rajurkar/ITG)

महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में डॉ. आंबेडकर जयंती के जश्न के दौरान एक दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है. गांधी चौक पर DJ पर डांस के दौरान हुए मामूली विवाद ने इतना बड़ा रूप ले लिया कि एक युवक की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई. इस घटना में एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है. घटना उस समय हुई जब आंबेडकर जयंती के मौके पर बड़ी संख्या में लोग गांधी चौक पर जमा थे और DJ पर डांस चल रहा था. इसी दौरान डांस करते समय हल्का धक्का लगने को लेकर दो गुटों में कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते यह बहस हिंसक झगड़े में बदल गई.

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कुछ युवकों ने चाकू निकालकर हमला कर दिया. इस हमले में रविकांत उर्फ रिकी विनायक टेंभुरकर, उम्र 40 वर्ष, निवासी इंदिरानगर बॉम्बे प्लॉट, की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं 21 वर्षीय अनिकेत ताराचंद गलबले गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उनका इलाज जारी है. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग मौके से भागने लगे. सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

 DJ डांस के दौरान विवाद

पुलिस ने इस मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. एक आरोपी अस्पताल में भर्ती है जो पुलिस हिरासत में है और एक आरोपी फिलहाल फरार बताया जा रहा है. इस घटना में एक नाबालिग के शामिल होने की भी जानकारी सामने आई है. गिरफ्तार आरोपियों में रेहान अशपाक पठाण, बादल मधुकर गैसारे, शेख जिशान शेख हारून, चेतन उर्फ सचिन सोनवणे और यासीन शेख शामिल हैं, जो सभी चंद्रपुर के निवासी बताए जा रहे हैं.

Advertisement

चार आरोपी गिरफ्तार 

पुलिस का कहना है कि यह घटना एक मामूली विवाद से शुरू हुई थी, जो बाद में हिंसक रूप ले गई. आंबेडकर जयंती जैसे अवसर पर हुई इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है. पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है. मामले की आगे की जांच जारी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement