सेंट्रल रेलवे ने मॉनसून सीजन को देखते हुए माथेरान टॉय ट्रेन की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है. सेंट्रल रेलवे के मुताबिक, मॉनसून के दौरान नेरल माथेरान नैरो गेज लाइन के नेरल-अमन लॉज खंड पर नियमित यात्री सेवाएं 4 महीने के लिए स्थगित करने का फैसला किया है. 15 अक्टूबर 2026 तक माथेरान टॉय ट्रेन पर रोक रहेगी.
हालांकि, पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए माथेरान और अमन लॉज के बीच शटल सर्विस रोजाना जारी रहेंगी. रेलवे की ओर से जारी बयान में यह जानकारी दी गई है. बता दें कि नेरल-माथेरान नैरो गेज रेलवे, जिसे माथेरान हिल रेलवे भी कहा जाता है, 100 साल से ज्यादा पुरानी हेरिटेज रेलवे लाइन है. यह रेलवे नेरल (पहाड़ी के नीचे) को महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में स्थित हिल स्टेशन माथेरान से जोड़ती है.
यह रेलवे लाइन 1907 में शुरू हुई थी. जहां ट्रेन बहुत खड़ी चढ़ाई, तेज मोड़ और घने जंगलों वाले इलाके से होकर गुजरती है. पश्चिमी घाट के इस खूबसूरत रेलवे को महाराष्ट्र की प्रमुख धरोहरों में गिना जाता है. खासकर बच्चों को माथेरान टॉय ट्रेन बहुत पसंद आती है.
मुंबई में मॉनसून का लंबा इंतजार, 25 जून के बाद ही बारिश के आसार
रेलवे के मुताबिक, माथेरान और अमन लॉज के बीच रोजाना 6 शटल सर्विस दोनों दिशाओं में चलेंगी. शनिवार और रविवार को 2 अतिरिक्त शटल भी चलाई जाएंगी. प्रतिदिन माथेरान से अमन लॉज के लिए छह शटल सर्विस सुबह 8:20 बजे से शाम 5:20 बजे तक चलेंगी. वहीं, अमन लॉज से माथेरान के लिए शटल सुबह 8.45 से शाम 5.45 तक चलेंगी.
वीकेंड की बात करें तो माथेरान से सुबह 10:05 बजे और दोपहर 1:10 बजे जबकि अमन लॉज से सुबह 10:30 बजे और दोपहर 1:35 बजे अतिरिक्त सर्विस चलाई जाएंगी. हर शटल में 3 सेकंड क्लास कोच, 1 फर्स्ट क्लास कोच और 2 सेकंड क्लास-कम-लगेज वैन लगाए जाएंगे.
बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए रेलवे चला रहा है एग्जाम स्पेशल ट्रेनें, देखें रूट
क्यों रोकी गई माथेरान टॉय ट्रेन की सर्विस?
मॉनसून में पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन, चट्टान गिरने और मौसम संबंधी अन्य खतरे हो सकते हैं. इसलिए सेंट्रल रेलवे आमतौर पर संवेदनशील इलाकों में ट्रेन सेवाएं रोक देती है. दरअसल, माथेरान हिल स्टेशन पर मोटर वाहनों की अनुमति नहीं है. दस्तूरी पॉइंट के आगे सिर्फ पैदल या टॉय ट्रेन से ही जा सकते हैं. इसलिए यह टॉय ट्रेन स्थानीय लोगों के लिए जरूरी साधन है और पर्यटकों के लिए बड़ा आकर्षण है.