scorecardresearch
 

रियल लाइफ में 'किस किसको प्यार करूं', तीन शादियों के आरोप के बाद युवक के घर पहुंची तीसरी पत्नी, बोली- मुझे अपनाओ

गढ़वा जिले में एक युवक की तीन शादियों का मामला सामने आया है. खुद को तीसरी पत्नी बताने वाली युवती पति के घर पहुंची और पत्नी का अधिकार देने की मांग करते हुए हंगामा किया. युवती का आरोप है कि हिंदू रीति-रिवाज से शादी के बाद पति उसे छोड़कर फरार हो गया. मामले की शिकायत धुरकी थाने में दी गई है.

Advertisement
X
युवक ने दो शादियां छिपाकर की तीन शादी. (Photo: ITG)
युवक ने दो शादियां छिपाकर की तीन शादी. (Photo: ITG)

झारखंड के गढ़वा जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने लोगों को फिल्म किस किसको प्यार करूं की याद दिला दी. हालांकि फिल्म की कहानी पर्दे तक सीमित थी, लेकिन गढ़वा में सामने आया मामला हकीकत का है. यहां रहने वाले युवक पर एक नहीं बल्कि तीन शादियां करने का आरोप है. अब खुद को उसकी तीसरी पत्नी बताने वाली युवती पति के घर पहुंच गई और पत्नी का अधिकार देने की मांग को लेकर जमकर हंगामा हुआ. मामला गांव से लेकर थाने तक पहुंच गया है.

यह पूरा मामला गढ़वा जिले के धुरकी थाना क्षेत्र के मकरी गांव का है. यहां उस समय माहौल गर्म हो गया जब एक 22 साल की युवती अपनी नानी और अन्य परिजनों के साथ कथित पति के घर पहुंची. युवती ने गांव के लोगों के सामने आरोप लगाया कि उसने हिंदू रीति-रिवाज से शादी की थी, लेकिन शादी के बाद उसे पत्नी का दर्जा नहीं दिया गया. उसने पति से उसे अपनाने की मांग की और न्याय की गुहार लगाई.

पीड़िता की पहचान 22 वर्षीय सबिता कुमारी के रूप में हुई है. वह गढ़वा थाना क्षेत्र के टंडवा गांव की रहने वाली है और स्वर्गीय पावन कुशवाहा की बेटी है. सबिता का कहना है कि अप्रैल 2025 में उसकी शादी धुरकी थाना क्षेत्र के मकरी गांव निवासी अर्जुन कुशवाहा के साथ श्री बंशीधर नगर स्थित बंशीधर मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी. उसके अनुसार इस शादी में दोनों परिवारों के लोग भी शामिल हुए थे.

Advertisement

तीसरी पत्नी ने पति के घर पहुंचकर मांगा अपना हक

सबिता ने बताया कि शादी के बाद उसे ससुराल में सिर्फ दो दिन रखा गया. इसके बाद अर्जुन उसे अपने साथ छत्तीसगढ़ ले गया. वहां भी उसने लगभग एक सप्ताह तक ही अपने साथ रखा. इसके बाद मायके छोड़ने का बहाना बनाकर पलामू जिले के रेहला में छोड़ दिया और खुद वहां से फरार हो गया.

सबिता का कहना है कि वह किसी तरह अपने नानी के घर पहुंची और पूरी घटना की जानकारी परिवार को दी. इसके बाद उसकी सास समय-समय पर उससे मिलने आती रही. सास उसे भरोसा देती थी कि अर्जुन की दूसरी शादी से जुड़ा मामला चल रहा है. जैसे ही वह मामला खत्म होगा, उसे ससुराल ले जाया जाएगा. इसी भरोसे में वह लंबे समय तक इंतजार करती रही.

इसी दौरान सबिता को पता चला कि अर्जुन की पहले भी दो शादियां हो चुकी हैं. यह जानकारी मिलने के बाद उसे गहरा सदमा लगा. उसने आरोप लगाया कि उसे इस बारे में शादी से पहले कोई जानकारी नहीं दी गई थी. सबिता ने बताया कि इसी बीच एक सड़क दुर्घटना में उसके पिता की भी मौत हो गई. पिता की मौत के बाद उसकी सास और देवर अमित कुमार ने सगमा में उसकी नानी से मुलाकात की. आरोप है कि उन्होंने नानी से कहा कि अपनी नातिन की कहीं और शादी कर दीजिए, क्योंकि अर्जुन अब उसे अपने साथ नहीं रखेगा.

Advertisement

इसके बाद सबिता ने कई बार अर्जुन से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसे कोई जवाब नहीं मिला. आखिरकार वह अपने रिश्तेदारों के साथ मकरी गांव पहुंची. वहां पहुंचने पर उसने अर्जुन को कथित दूसरी पत्नी के साथ घर में देखा. इसके बाद उसने गांव के लोगों के सामने पूरी बात रखी और न्याय की मांग की.

गांव में काफी देर तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा. ग्रामीणों ने भी पूरे मामले को गंभीर बताया. कई लोगों ने कहा कि यदि युवती के आरोप सही हैं तो उसके साथ अन्याय हुआ है और उसे न्याय मिलना चाहिए. इसके बाद सबिता धुरकी थाना पहुंची और पूरे मामले की लिखित शिकायत दी. उसने पुलिस से मांग की कि उसे पत्नी का अधिकार दिलाया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए.

दूसरी तरफ अर्जुन कुशवाहा ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को गलत बताया है. उनका कहना है कि सबिता के आरोप बेबुनियाद हैं और उन्हें किसी प्रकार का डर नहीं है. उन्होंने यह भी कहा कि आजकल दो या तीन शादी करना आम बात हो गई है. जिसे जहां जाना है, वह जा सकता है. अर्जुन के इस बयान की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है.

शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी

मामले में सबिता की नानी और परिजनों ने भी युवती का साथ दिया. उनका कहना है कि शादी पूरे रीति-रिवाज से हुई थी और अब उसे पत्नी का अधिकार मिलना चाहिए. वहीं गांव के लोगों ने भी पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग की है. फिलहाल इस पूरे मामले की लिखित शिकायत धुरकी थाना में दी जा चुकी है. अब पुलिस शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है. जांच के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि युवती के आरोपों में कितनी सच्चाई है और पूरे मामले में आगे क्या कार्रवाई होगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement