झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है. गुदड़ी थाना क्षेत्र के कमरोड़ा गांव में एक बेटे ने अपनी ही बुजुर्ग मां को मौत के घाट उतार दिया और फिर सबूत मिटाने के लिए शव को घर के आंगन में जला डाला. इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद पूरे इलाके में डर और सनसनी का माहौल है.
पुलिस के मुताबिक आरोपी नामजन बरजो ने सोमवार को पहले अपनी मां मैरी बरजो की बेरहमी से लाठी-डंडों से पिटाई की, फिर लोहे के दाऊली से वार कर उनकी हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद उसने घर के पीछे लकड़ियां इकट्ठा कर शव को आग के हवाले कर दिया, ताकि अपराध के निशान मिटाए जा सकें. घटना के वक्त गांव के ज्यादातर लोग रनिया बाजार गए हुए थे. ऐसे में आरोपी की भाभी ने शोर मचाया, लेकिन मदद के लिए कोई नहीं पहुंच सका. जब मामला सामने आया तो पूरे गांव में हड़कंप मच गया.
वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया है और उसके खूंटी जिला के रनिया थाना क्षेत्र की ओर भागने की आशंका जताई जा रही है. झारखंड पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. आसपास के जिलों को भी अलर्ट कर दिया गया है.
जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा भी हुआ है. स्थानीय लोगों का दावा है कि आरोपी ने 8-10 साल पहले अपने पिता की भी हत्या की थी. उस समय उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं पाई गई थी, जिसके बाद उसे रांची के मानसिक चिकित्सालय में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था.फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल से जले हुए अवशेषों को जब्त कर डीएनए जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. मामले की गंभीरता को देखते हुए हर एंगल से जांच जारी है और पुलिस जल्द आरोपी को पकड़ने का दावा कर रही है.